पुतिन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'लव ट्विस्ट': पत्रकार ने लाइव इवेंट में गर्लफ्रेंड को किया प्रपोज, राष्ट्रपति को भी दिया न्योता

रूसी राष्ट्रपति पुतिन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में 23 साल के पत्रकार किरिल बजानोव ने लाइव शो के दौरान अपनी गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज किया। उन्होंने महंगाई को शादी में देरी की वजह बताया और पुतिन को भी न्योता दिया। उनकी गर्लफ्रेंड ने प्रपोजल स्वीकार कर लिया है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की एक हाई-प्रोफाइल प्रेस कॉन्फ्रेंस उस वक्त हंसी-मजाक के पलों में बदल गई, जब एक युवा पत्रकार ने अपनी गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज कर दिया। 23 साल के पत्रकार किरिल बजानोव ने न केवल अपनी पार्टनर को लाइव प्रपोज किया, बल्कि राष्ट्रपति पुतिन को अपनी शादी में आने का न्योता भी दे डाला। यह नजारा देख वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगे और खुद पुतिन भी अपनी मुस्कुराहट नहीं रोक पाए।

8 साल का रिश्ता और महंगाई का डर

स्थानीय अखबार के रिपोर्टर किरिल बजानोव पिछले 8 साल से अपनी गर्लफ्रेंड ओलेका के साथ रिलेशनशिप में हैं। उन्होंने बताया कि वह काफी समय से घर बसाना चाहते थे, लेकिन देश में बढ़ती महंगाई की वजह से हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किरिल ने पुतिन से कहा कि आर्थिक चुनौतियों के कारण उन्हें फैसला लेने में डर लग रहा था, लेकिन आखिरकार उन्होंने इस बड़े मंच को अपनी दिल की बात कहने के लिए चुना।

‘ओलेका, क्या तुम मुझसे शादी करोगी?’

इस दिलचस्प घटना के दौरान किरिल के हाथ में एक बैनर था, जिस पर साफ लिखा था— “मैं शादी करना चाहता हूं।” सबकी निगाहें उन पर टिकी थीं। उन्होंने कैमरे की ओर देखते हुए कहा, “मुझे पता है कि मेरी गर्लफ्रेंड ओलेका यह प्रोग्राम देख रही है। ओलेका, क्या तुम मुझसे शादी करोगी?” यह सुनते ही हॉल में तालियां बजने लगीं। बाद में खबर आई कि ओलेका ने उनका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है, जिस पर पुतिन ने भी खुशी जताई और उनके लिए तालियां बजाईं।

युद्ध और कूटनीति के बीच प्यार की चर्चा

यह पूरी घटना उस समय हुई जब पुतिन यूक्रेन युद्ध और रूस की सैन्य उपलब्धियों पर चर्चा कर रहे थे। पुतिन ने इस मौके पर कहा कि रूसी सेना युद्धक्षेत्र में मजबूती से आगे बढ़ रही है और उनके सैन्य लक्ष्य जरूर पूरे होंगे। हालांकि, इन गंभीर राजनीतिक चर्चाओं के बीच इस ‘लव स्टोरी’ ने सोशल मीडिया पर सबका ध्यान खींच लिया है। लोग अब इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि क्या राष्ट्रपति पुतिन वाकई इस साधारण पत्रकार की शादी में शामिल होंगे।

Share This Article