पुतिन बने सांता: मोदी को मिला फाइटर जेट, तो ट्रंप और जेलेंस्की की ली चुटकी; रूस का यह वीडियो हुआ वायरल

रूसी दूतावास द्वारा साझा किए गए एक मजेदार AI वीडियो में राष्ट्रपति पुतिन 'सांता क्लॉज' बनकर दुनिया के नेताओं को खास तोहफे बांटते नजर आ रहे हैं। इसमें पीएम मोदी को फाइटर जेट, तो ट्रंप और जेलेंस्की को तंज भरे उपहार मिले हैं। कूटनीतिक संदेशों से भरा यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: सोशल मीडिया पर रूस के दूतावास ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। यह एक AI से बना वीडियो है, जिसमें पुतिन सांता की ड्रेस पहनकर दुनिया के बड़े नेताओं को क्रिसमस गिफ्ट बांट रहे हैं। इस मजेदार वीडियो में भारत के पीएम मोदी से लेकर डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग तक को खास तोहफे दिए गए हैं, जो देशों के बीच के रिश्तों की कहानी बयां कर रहे हैं।

पीएम मोदी को मिला ‘सुखोई’, जिनपिंग संग मिलकर डॉलर को दी चुनौती

इस वीडियो में भारत और रूस की दोस्ती साफ झलक रही है। पुतिन ने पीएम मोदी को रूस के सबसे आधुनिक लड़ाकू विमान ‘सुखोई Su-57’ का एक छोटा मॉडल गिफ्ट किया है। यह गिफ्ट इशारा है कि आने वाले समय में रूस भारत को यह विमान दे सकता है। वहीं, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को पुतिन ने रूबल और युआन (रूस-चीन की करेंसी) के साइन दिए, जिन्हें लगाते ही डॉलर का साइन टूट कर गिर गया। इसका मतलब साफ है कि रूस और चीन मिलकर अमेरिकी डॉलर का दबदबा खत्म करना चाहते हैं।

ट्रंप की नाकामी और जेलेंस्की को मिली हथकड़ी

वीडियो में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के लिए कुछ तीखे संदेश भी हैं। ट्रंप को एक पुरानी तस्वीर गिफ्ट की गई, जो उनकी एक अधूरी शांति वार्ता की याद दिलाती है। इसे ट्रंप पर एक तंज माना जा रहा है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला हिस्सा वह था, जब पुतिन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को तोहफे में ‘हथकड़ी’ भेंट की। यह यूक्रेन युद्ध के तनाव और रूस के सख्त रुख को मजाकिया लेकिन कड़े अंदाज में दिखाता है।

गिफ्ट्स के जरिए डिप्लोमेसी का नया अंदाज

सिर्फ यही नहीं, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन को न्यूक्लियर प्लांट का मॉडल और उत्तर कोरिया के किम जोंग उन को एक खास तलवार भी दी गई है। केन्या में रूसी दूतावास द्वारा शेयर किया गया यह वीडियो भले ही तकनीक की मदद से बना है, लेकिन इसके पीछे के संदेश पूरी तरह राजनीतिक हैं। रूस ने इस वीडियो के जरिए दुनिया को यह दिखाने की कोशिश की है कि ग्लोबल राजनीति में उसके दोस्त कौन हैं और दुश्मन कौन। फिलहाल यह वीडियो हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share This Article