BNT Desk: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने टेस्ला और एक्स (पूर्व में ट्विटर) के सीईओ एलन मस्क से सीधी अपील करते हुए गुहार लगाई है कि उनकी पोस्ट्स की ‘रीच’ (पहुंच) बढ़ा दी जाए। जेमिमा ने आरोप लगाया है कि जब भी वह इमरान खान से जुड़ी कोई बात पोस्ट करती हैं, तो एक्स का एल्गोरिद्म उनकी पोस्ट की पहुंच को लगभग शून्य कर देता है।
बेटों को पिता से मिलने नहीं दिया जा रहा: जेमिमा
जेमिमा गोल्डस्मिथ ने शुक्रवार को एक्स पर एक लंबा पोस्ट किया। उन्होंने बताया कि उनके दो बेटों को उनके पिता, इमरान खान से न तो मिलने दिया जा रहा है और न ही बात करने की इजाजत है। उनके अनुसार, इमरान खान को पिछले 22 महीनों से “अवैध रूप से एकांत कारावास” में रखा गया है। जेमिमा ने मस्क को याद दिलाया कि एक्स ही एकमात्र ऐसा मंच है, जिससे वे दुनिया को यह बता सकते हैं कि इमरान खान एक राजनीतिक कैदी हैं जिन्हें बुनियादी मानवाधिकार भी नहीं दिए जा रहे हैं।
’ग्रोक’ के हवाले से एल्गोरिद्म पर सवाल
जेमिमा ने अपनी पोस्ट में एक्स के ही AI टूल ‘ग्रोक’ का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ग्रोक के मुताबिक, हर बार जब भी वह इमरान खान की जेल की स्थिति, एकांत कारावास या बेटों की पिता तक पहुंच के बारे में पोस्ट करती हैं, तो एल्गोरिद्म उस पोस्ट को सीमित कर देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी अधिकारी इमरान खान के करीबियों की आलोचना को ऑनलाइन निगरानी में सबसे ऊपर रखते हैं, और एक्स चुपचाप इस बात का पालन कर रहा है।
मस्क को ‘फ्री स्पीच’ का वादा याद दिलाया
इमरान की पूर्व पत्नी ने एलन मस्क को उनके अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता वाले बयान की याद दिलाई। उन्होंने कहा, “आपने फ्री स्पीच का वादा किया था, न कि ऐसी स्पीच का जिसे कोई सुने ही न।” जेमिमा ने मस्क से अपील की कि वह उनके अकाउंट पर लगी ‘विज़िबिलिटी फ़िल्टरिंग’ को ठीक करें, ताकि वे अपना संदेश दुनिया तक पहुंचा सकें। इमरान खान इन दिनों पाकिस्तान की आडियाला जेल में बंद हैं और उनके समर्थकों का दावा है कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।