BNT Desk: चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई बड़े फैसलों की घोषणा की। सरकार का फोकस पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने और महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने पर है।
पुलिस को मिलेंगे 5000 बॉडी कैमरे
मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले तीन वर्षों में सड़कों पर तैनात पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरे से लैस किया जाएगा। इसके तहत अगले वर्ष 5,000 बॉडी कैमरे खरीदने का प्रस्ताव रखा गया है। इन कैमरों की मदद से ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की गतिविधियां रिकॉर्ड होंगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सात नए महिला थाने
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राज्य में सात नए महिला पुलिस थाने खोले जाएंगे। ये थाने लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर और पेहोवा में स्थापित किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि अलग महिला थानों से महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने में सुविधा और भरोसा मिलेगा।
तीन नए साइबर थाने
डिजिटल लेन-देन में तेजी के साथ साइबर अपराध भी बढ़े हैं। इसे देखते हुए सोनीपत, गोहाना और बहादुरगढ़ में तीन नए साइबर अपराध पुलिस थाने खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध से निपटने के लिए विशेष ढांचे और प्रशिक्षित टीम की जरूरत है, जिसे अब मजबूत किया जाएगा।
आतंकवाद-रोधी दस्ता का गठन
राज्य में आतंकवादी गतिविधियों से निपटने के लिए एक आतंकवाद-रोधी दस्ता (एटीएस) बनाया जाएगा। यह दस्ता पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में काम करेगा। गुरुग्राम और पंचकूला में एक-एक एटीएस थाना स्थापित होगा। खास बात यह है कि एटीएस में महिला कमांडो को भी शामिल किया जाएगा।
जेल अवसंरचना का विस्तार
सरकार ने जेल व्यवस्था को भी मजबूत करने का फैसला किया है। फतेहाबाद, चरखी दादरी और पंचकूला में नई जिला जेलें बनाई जाएंगी। वहीं रोहतक में एक उच्च सुरक्षा वाली जेल स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट समाज के सभी वर्गों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। महिलाओं, युवाओं, किसानों, खिलाड़ियों और उद्यमियों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।