एपस्टीन फाइल्स में बड़ा खुलासा! न्यूयॉर्क के मेयर की मां मीरा नायर का नाम आया सामने

एपस्टीन फाइल्स में न्यूयॉर्क मेयर की मां और मशहूर डायरेक्टर मीरा नायर का नाम आने से हड़कंप मच गया है। दस्तावेजों के अनुसार, वह 2009 में यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के सहयोगी के घर एक हाई-प्रोफाइल पार्टी में शामिल हुई थीं, जिसमें बिल क्लिंटन और जेफ बेजोस जैसी हस्तियां भी मौजूद थीं।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: अमेरिका के बदनाम अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी नई फाइल्स ने पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी लाखों पन्नों के इन दस्तावेजों में अब एक ऐसा नाम सामने आया है जिसने भारत और अमेरिका दोनों जगह लोगों को हैरान कर दिया है। न्यूयॉर्क के मौजूदा मेयर जोहरान ममदानी की मां और मशहूर फिल्म निर्देशक मीरा नायर का नाम इन फाइल्स में मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक, मीरा नायर साल 2009 में एपस्टीन की साथी गिलेन मैक्सवेल के घर पर आयोजित एक हाई-प्रोफाइल पार्टी में शामिल हुई थीं।

गिलेन मैक्सवेल के घर पर फिल्म की ‘आफ्टरपार्टी’

खुलासा हुआ है कि 21 अक्टूबर 2009 को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें इस पार्टी का जिक्र है। यह पार्टी मीरा नायर की फिल्म ‘अमेलिया’ की रिलीज के बाद रखी गई थी। पब्लिसिस्ट पेगी सीगल ने एपस्टीन को लिखे ईमेल में बताया कि वह अभी-अभी गिलेन के टाउनहाउस से निकली हैं, जहाँ फिल्म की आफ्टरपार्टी चल रही थी। इस ईमेल ने साफ कर दिया है कि उस दौर की बड़ी हस्तियां और अपराधी एपस्टीन का नेटवर्क आपस में कितना जुड़ा हुआ था।

दिग्गज हस्तियों का जमावड़ा: बिल क्लिंटन से लेकर जेफ बेजोस तक

इस पार्टी में सिर्फ मीरा नायर ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे ताकतवर लोग भी मौजूद थे। दस्तावेजों के अनुसार, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और अमेजन के पूर्व सीईओ जेफ बेजोस भी उस रात वहां मौजूद थे। इतना ही नहीं, फाइल्स में एलन मस्क और एपस्टीन के बीच हुई बातचीत का भी जिक्र है, जिसमें मस्क ने एपस्टीन के प्राइवेट आइलैंड पर होने वाली ‘वाइल्ड पार्टी’ के बारे में पूछा था। ये खुलासे बताते हैं कि एपस्टीन का रसूख राजनीति से लेकर बॉलीवुड और हॉलीवुड तक फैला हुआ था।

विवादों में मेयर की मां, क्या है सच्चाई?

यह खबर ऐसे समय में आई है जब जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के मेयर पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अपनी मां का नाम एक यौन अपराधी के घर से जुड़ना उनके लिए राजनीतिक मुसीबत खड़ी कर सकता है। हालांकि, इन ईमेल से यह तो साफ होता है कि मीरा नायर वहां मौजूद थीं, लेकिन किसी भी गैर-कानूनी काम में उनकी सीधी भूमिका का कोई सबूत नहीं मिला है। फिलहाल सोशल मीडिया पर यह बहस छिड़ गई है कि क्या इन हस्तियों को पता था कि वे किसके घर पार्टी कर रहे हैं?

Share This Article