BNT Desk: यश स्टारर फिल्म Toxic: A Fairytale for Grown-Ups का टीज़र आखिरकार रिलीज हो गया है। फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रिलीज डेट के साथ टीज़र लॉन्च की घोषणा की। इसके साथ एक नया पोस्टर भी सामने आया, जिसमें यश ‘राया’ के किरदार में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में उनका चेहरा आधा छिपा हुआ है और वह बोतल से सीधे पीते दिख रहे हैं, जो उनके किरदार की रहस्यमयी और रफ छवि को दिखाता है। टीज़र सामने आते ही फैंस ने इसे “क्रेजी”, “ग्रिटी” और “इंटेंस एक्शन” से भरपूर बताया। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।
चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी
Toxic के साथ यश चार साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। उनकी पिछली फिल्म KGF: Chapter 2 ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी और उन्हें पैन-इंडिया सुपरस्टार बना दिया था। ऐसे में Toxic को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं।
कहानी में क्या है खास?
फिल्म की कहानी 1940 के दशक से 1970 के बीच गोवा में सेट है। यह एक एक्शन-थ्रिलर ड्रामा है, जिसमें यश का किरदार डर, ताकत और विश्वासघात के सहारे अपना साम्राज्य खड़ा करता है। कहानी गोवा की उस दुनिया को दिखाती है जहां अपराध सिंडिकेट उभर रहे हैं और तस्करी के रास्ते जंग के मैदान बन चुके हैं। फिल्म में दिखाया गया है कि ताकत किसी को दी नहीं जाती, बल्कि उसे छीनना पड़ता है और इसकी कीमत भी चुकानी पड़ती है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, वफादारी शक में बदलती है और जिंदा रहने के लिए हर कदम सोच-समझकर उठाना पड़ता है।
क्या होगी बड़ी हिट?
टीज़र से साफ है कि फिल्म में दमदार एक्शन, गहरी कहानी और यश का इंटेंस अवतार देखने को मिलेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद Toxic बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है।