BNT Desk: साउथ के सुपरस्टार प्रभास ने साल 2026 की शुरुआत एक बड़े धमाके के साथ की है। उनकी नई फिल्म ‘द राजा साब’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। हालांकि सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं और कुछ लोग इसकी आलोचना भी कर रहे हैं, लेकिन प्रभास के स्टारडम का जादू कम नहीं हुआ है। फिल्म ने अपने रिलीज के पहले ही दिन दोपहर 3 बजे तक भारत में करीब 14.4 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस कर लिया है। भारी बजट और बेहतरीन विजुअल इफेक्ट्स (VFX) से सजी यह हॉरर-कॉमेडी फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है।
सालों बाद ‘विंटेज प्रभास’ की वापसी
करीब दो साल के लंबे इंतजार के बाद प्रभास एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटे हैं। निर्देशक मारुति की इस फिल्म में प्रभास का वह पुराना अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसका फैंस को ‘बाहुबली’ के बाद से इंतजार था। पिछले कुछ समय से प्रभास सिर्फ एक्शन फिल्मों में नजर आ रहे थे, लेकिन ‘द राजा साब’ के जरिए उन्होंने फिर से फैमिली एंटरटेनर और कॉमेडी जॉनर में कदम रखा है। हैदराबाद के बाहरी इलाके में बने दुनिया के सबसे बड़े इनडोर सेट्स में से एक ‘हवेली’ में इस फिल्म की शूटिंग हुई है, जो पर्दे पर बेहद भव्य नजर आती है।
फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह और जश्न
फिल्म की रिलीज को लेकर फैंस के बीच दीवानगी का आलम यह है कि सुबह से ही सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतरें देखी गईं। हैदराबाद के संध्या थिएटर के बाहर तो माहौल किसी त्यौहार जैसा था। फैंस ने प्रभास के बड़े-बड़े कटआउट्स को फूलों की मालाओं से सजाया और ढोल-नगाड़ों के साथ फिल्म का स्वागत किया। कई फैंस तो प्रभास की फोटो वाली कस्टमाइज्ड टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे। फिल्म देखने आए एक फैन ने तो यहां तक कह दिया कि यह फिल्म 500 से 1000 करोड़ रुपये तक की कमाई कर सकती है।
बड़े सितारों से सजी है फिल्म
फिल्म में प्रभास के साथ संजय दत्त, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, बोमन ईरानी और रिद्धि कुमार जैसे बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म तेलुगु के साथ-साथ हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सहित कई भाषाओं में रिलीज हुई है। हालांकि क्रिटिक्स फिल्म के स्क्रीनप्ले और कुछ कमजोर VFX को लेकर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन फैंस के लिए यह एक ‘ब्लॉकबस्टर’ एंटरटेनमेंट साबित हो रही है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर और कितने नए रिकॉर्ड बनाती है।