BNT Desk: बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे फोन पर धमकी देने के बजाय सीधे ‘मौत का सामान’ घर भेज रहे हैं। वैशाली जिले के महुआ से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने एक पूर्व व्यवसाई के घर कफ़न के साथ धमकी भरी चिट्ठी भेजी है। इस घटना के बाद से पूरा इलाका दहशत में है और पीड़ित परिवार अपनी जान की भीख मांग रहा है।
कफ़न के साथ भेजी जान मारने की धमकी
वैशाली के महुआ में रहने वाले रतन चौधरी और उनके परिवार की रातों की नींद उड़ी हुई है। अज्ञात बदमाशों ने उनके घर एक पार्सल फेंका, जिसमें सफेद कफ़न और एक पत्र था। पत्र में साफ तौर पर उन्हें जान से मारने की चेतावनी दी गई है। रतन चौधरी पहले व्यवसाय करते थे, लेकिन अब खेती-बारी से जुड़े हैं। बताया जा रहा है कि उनकी कीमती जमीन पर अपराधियों की नजर है और इसी वजह से उन्हें बार-बार निशाना बनाया जा रहा है।
पुलिस की लापरवाही और 112 का अजीब रवैया
हैरानी की बात यह है कि रतन चौधरी को पिछले कुछ महीनों में एक-दो बार नहीं, बल्कि चार बार धमकियां मिल चुकी हैं। परिवार का आरोप है कि उन्होंने बार-बार पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हद तो तब हो गई जब ताजा धमकी मिलने के बाद पीड़ित ने ‘डायल 112’ पर फोन किया। आरोप है कि मदद करने के बजाय वहां तैनात महिला पुलिसकर्मी ने पीड़ित परिवार को ही उल्टा-सीधा सुना दिया। पुलिस के इस रवैये से अपराधी और भी बेखौफ नजर आ रहे हैं।
सीसीटीवी से बचने के लिए चली नई चाल
सुरक्षा के लिहाज से रतन चौधरी ने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। लेकिन शातिर अपराधियों ने इससे बचने का नया रास्ता निकाल लिया। इस बार उन्होंने रतन के घर के बजाय उनके भाई के घर पर कफ़न और धमकी भरी चिट्ठी फेंक दी। पीड़ित की परिजन पूजा का कहना है कि बदमाश लगातार उन पर नजर रख रहे हैं। अगर समय रहते पुलिस ने कोई बड़ा कदम नहीं उठाया, तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।