छपरा में शिवम कुमार हत्याकांड से भड़का जनाक्रोश, एनएच-722 जाम, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़

शिवम कुमार हत्याकांड के बाद छपरा के अमनौर क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया। ग्रामीणों ने एनएच-722 जाम कर प्रदर्शन किया, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ हुई। प्रशासन और पुलिस हालात संभालने में जुटी है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: बिहार के सारण जिले के छपरा अंतर्गत अमनौर थाना क्षेत्र के मदरौली अपहर गांव निवासी राजन गुप्ता के पुत्र शिवम कुमार की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 31 दिसंबर को घर से लापता हुए शिवम का शव 11 जनवरी को गांव के समीप झाड़ियों से बरामद किया गया था। सदर अस्पताल और पटना में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार की सुबह जब शव गांव पहुंचा, तो स्वजनों और ग्रामीणों का धैर्य टूट गया और आक्रोश सड़कों पर उतर आया।

सड़क जाम और उग्र प्रदर्शन

मंगलवार सुबह करीब 8 बजे हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने छपरा–रेवा एनएच-722 पर भेल्दी चौक के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते जाम उग्र रूप ले लिया। आक्रोशित लोग हत्या के शीघ्र खुलासे, दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस से झड़प और तोड़फोड़

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अमनौर रोड पर जलालपुर चौक से पहले तैनात पुलिस को ग्रामीणों के बढ़ते गुस्से का सामना करना पड़ा। इसी दौरान उपद्रवियों ने दो बोलेरो और एक पुलिस बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों बोलेरो को सड़क और पास के खेत में धक्का देकर पलट दिया गया, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।

प्रशासन की कोशिशें और तनावपूर्ण माहौल

घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा एसडीओ निधि कुमारी और एसडीपीओ नरेश पासवान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक सड़क जाम की स्थिति बनी हुई थी। तनाव को देखते हुए भेल्दी बाजार की अधिकांश दुकानों को बंद कर दिया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और हालात सामान्य करने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Share This Article