BNT, Lakhisarai: बिहार के लखीसराय जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला ने फोटोग्राफर छोटू कुमार (30) को उसके ही स्टूडियो के अंदर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। यह वारदात रविवार, 30 नवंबर को हुई थी। आगजनी में 90% से ज्यादा झुलस चुके छोटू कुमार की इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। इस खौफनाक मंजर का पूरा वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
कैसे हुई घटना?
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी महिला मंजू देवी हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर स्टूडियो के अंदर घुसती है। अंदर पहुँचते ही उसने बिना किसी देरी के छोटू कुमार पर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी। आग लगते ही छोटू कुमार दर्द से तड़पते हुए बाहर की तरफ भागा। आस-पास के लोगों ने तुरंत दौड़कर आग बुझाई और छोटू को आनन-फानन में अस्पताल पहुँचाया।
क्या था विवाद की वजह?
मृतक छोटू कुमार के भाई गोलू कुमार ने पुलिस को बताया कि यह घटना पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के कारण हुई। उनका कहना है कि महिला छोटू से जमीन से जुड़े पैसों की मांग कर रही थी। हालांकि, आरोपी महिला मंजू देवी ने पुलिस के सामने बार-बार बयान बदले हैं। पहले उसने छेड़छाड़ का आरोप लगाया, फिर पैसे न लौटाने की बात कही, और आखिर में अपने बेटे से झगड़े का कारण बताया।
पुलिस का एक्शन और जाँच
पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत ही आरोपी महिला मंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब महिला से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि इस जघन्य अपराध के पीछे का सही मकसद पता चल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी महिला मानसिक रूप से बीमार है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है। छोटू की मौत के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।