BNT Desk: रोहतास जिले में हथियार के बल पर लूटपाट और छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक के बाद एक सामने आ रही वारदातों ने जहां आम लोगों में भय का माहौल बना दिया है, वहीं पुलिस की गश्ती व्यवस्था और कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत मडकन पुल के समीप का है, जहां शनिवार की दोपहर बाइक सवार दो अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक को लूटपाट के दौरान गोली मार दी। गोली युवक के पैर में लगी है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के पखनारी गांव निवासी 40 वर्षीय राकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।
हथियार के बल पर लूटपाट की वारदात
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सीएसपी संचालक राकेश कुमार सिंह शनिवार को अपनी स्कूटी से रायपुर चोर स्थित अपने सीएसपी केंद्र जा रहे थे। उनके पास ग्राहकों से जमा की गई राशि भी थी। जैसे ही वे मडकन पुल के समीप पहुंचे, पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने हथियार निकालकर उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया और पैसे व कीमती सामान लूटने लगे।
विरोध करने पर मारी गोली
सीएसपी संचालक राकेश कुमार सिंह ने साहस दिखाते हुए लूटपाट का विरोध किया। इसी बात से अपराधी बौखला गए और उन्होंने गोली चला दी। गोली सीधे राकेश कुमार के पैर में लगी, जिससे वे मौके पर ही लहुलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद अपराधियों ने उनके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और गले से एक सोने की चेन लूट ली और तेजी से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जान
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल अवस्था में पड़े सीएसपी संचालक को संभाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से राकेश कुमार सिंह को सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल घायल की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही शिवसागर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस अपाचे बाइक सवार दोनों अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने इलाके में सघन वाहन जांच और गश्ती भी बढ़ा दी है।
बढ़ते अपराध से दहशत में लोग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत दोनों देखने को मिल रहे हैं। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। खासकर सीएसपी संचालकों और छोटे कारोबारियों में डर का माहौल है, क्योंकि उन्हें अक्सर नकद राशि लेकर आना-जाना पड़ता है। फिलहाल पुलिस के लिए यह घटना एक बड़ी चुनौती बन गई है। जिले में लगातार बढ़ रही लूटपाट और फायरिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। अब देखना यह है कि पुलिस कब तक अपराधियों को पकड़कर लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम कर पाती है।