शिवहर में भीषण सड़क हादसा, बारात से लौटते युवक की मौत

तरियानी के वासठपुर पुल के पास बारात से लौट रही बैगनआर कार और बाजा ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर में चालक सूरज राम की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूरज विदेश में रहता था और जल्द लौटने वाला था। पुलिस रात में मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।

BNT
By
2 Min Read
BiharNewsToday RoadAccident Sitamarhi

Bihar News Today, Sheohar: जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बारात से लौट रही एक वैगन आर कार और बाजा ट्रॉली के बीच आमने–सामने की जोरदार टक्कर हो गई। यह दुर्घटना वासठपुर पुल के पास हुई। हादसा इतना गंभीर था कि कार चालक सूरज राम (35) की मौत हो गई और कार में सवार तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए।

तरियानी प्रखंड के पोझिया गांव से नागेंद्र साह के पुत्र की बारात मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी के शीतल पट्टी गई थी। बारात से लौटते समय बैगनआर कार को फतेहपुर के रहने वाले सूरज राम चला रहे थे। जैसे ही कार किशनपुर–बासढपुर के पास पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाजा ट्रॉली से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भारी थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद कार में सवार सभी लोगों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन रास्ते में ही सूरज राम की मौत हो गई। उनकी मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन रो–रोकर बेहाल हैं। सबसे दुखद बात यह है कि सूरज विदेश में रहते थे और जल्द ही वापस जाने वाले थे। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।

कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं— रवीन कुमार (पोझिया निवासी), आशीष कुमार (फतेहपुर निवासी), विक्की कुमार (फतेहपुर निवासी) सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

हादसे की जानकारी मिलते ही तरियानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अवर निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना रात करीब 2 बजे मिली। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा। उन्होंने कहा कि सूरज राम की मौत की औपचारिक पुष्टि अभी थाना डायरी में नहीं दर्ज की गई है। हादसे के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। लोगों ने रात में चलने वाली भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Share This Article