BNT Desk: सोमवार की सुबह पूर्णिया के नेवालाल चौक स्थित फन सिटी पार्क के पास गुलाबबाग के युवा व्यवसायी और ब्लॉगर सूरज बिहारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तुरंत घायल सूरज को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की वजह मामूली बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह विवाद सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम रील से शुरू हुआ था।
रील बनाने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सरस्वती पूजा के दिन सूरज बिहारी ने एक प्राइवेट स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में एक स्थानीय लड़की के साथ रील बनाई और अपने पेज पर पोस्ट कर दी। यह बात लड़की के बॉयफ्रेंड स्नेहिल झा को नागवार गुजरी और 26 जनवरी को उसने सूरज को पकड़कर पिटाई की। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।
समझौते के नाम पर हुई गोलीबारी
अगले दिन सूरज के पिता सुबोध शर्मा स्नेहिल के घर विवाद सुलझाने पहुंचे, लेकिन वहां दोनों पक्षों में मारपीट हुई। कुछ देर बाद स्नेहिल ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह के साथ सूरज के घर पहुंचे और मारपीट की। सूरज अपने भाई के फोन पर मौके पर पहुंचे और समझौता करने आए, लेकिन बातचीत के दौरान ब्रजेश और नंदू ने सूरज को गोली मार दी। सूरज के पास भी लाइसेंसी हथियार था, लेकिन गाड़ी में होने के कारण वह उसका इस्तेमाल नहीं कर सके।
पुलिस की कार्रवाई और SIT का गठन
एसपी स्वीटी सहरावत ने कहा कि घटना में शामिल मुख्य आरोपी ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह की पहचान कर ली गई है। यह पता चला है कि दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है। घटना के बाद पुलिस ने SIT का गठन कर अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि नेवालाल चौक और आसपास के क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।