BNT Desk: भागलपुर जिले के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतघरा इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में डर का माहौल है।
घायल की पहचान, दुकान पर बैठे थे मुरारी यादव
घायल युवक की पहचान अलीगंज गंगटी निवासी अनिल यादव के पुत्र मुरारी यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुरारी यादव छोटी बदरपुर बगीचे के पास एक दुकान पर बैठे हुए थे। उसी दौरान तीन की संख्या में आए हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया। किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला।
तीन राउंड फायरिंग, जांघ में लगी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने मुरारी यादव को निशाना बनाते हुए तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली उनके जांघ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस जांच में जुटी, अपराधियों की पहचान का दावा
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सिटी एसपी ने कहा कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।