नकारे जाने की सनक बनी मौत, पटना में छात्रा को जिंदा जलाने का दिल दहला देने वाला मामला

पटना में पार्षद के बेटे आदित्य ने एकतरफा प्यार में 17 साल की छात्रा को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। 6 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद पीड़िता की मौत हो गई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। इस खौफनाक वारदात से इलाके में भारी आक्रोश है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार की राजधानी पटना से एक ऐसी रूहकँपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक पार्षद के बेटे ने एकतरफा प्यार के जुनून में 17 साल की मासूम छात्रा को बीच सड़क पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। पिछले छह दिनों से अस्पताल में मौत से जूझ रही इस बेटी ने शुक्रवार को आखिरकार दम तोड़ दिया। आरोपी की पहचान पार्षद पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है, जो फिलहाल फरार है।

क्या है पूरा मामला?

यह खौफनाक घटना 17 जनवरी की है। मृतका 10वीं की छात्रा थी और अपने ननिहाल बैरिया गाँव में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के दिन वह अपने पिता की मजदूरी के पैसे लेने किसान के पास गई थी। शाम को लौटते वक्त रास्ते में आदित्य ने उसे रोक लिया। वह जबरन बात करने का दबाव बनाने लगा। जब छात्रा ने मना किया, तो दोनों के बीच बहस हुई। इसी दौरान सनकी आदित्य ने छात्रा पर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस जला दी। आग की लपटों में घिरी मासूम मदद के लिए करीब 100 फीट तक चिल्लाते हुए भागी और फिर बेहोश होकर गिर पड़ी।

परिजन बोले- काफी समय से कर रहा था परेशान

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आदित्य लंबे समय से उनकी बेटी के पीछे पड़ा था। वह जबरन दोस्ती करना चाहता था। छात्रा के मना करने पर उसने कई बार उसे जान से मारने की धमकी दी थी। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने छात्रा की कुछ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। छात्रा के पिता मजदूरी करते हैं और परिवार फुलवारीशरीफ में किराए के मकान में रहता है।

पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी

इलाज के दौरान छात्रा की मौत के बाद इलाके में भारी तनाव है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी आदित्य की तलाश में छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है और लोग आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि वे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होगा।

Share This Article