BNT Desk: चित्रगुप्त नगर के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो घटना के वक्त की अफरा-तफरी को बयां कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा 6 जनवरी को पूरे दिन अपने कमरे से बाहर नहीं निकली थी, जिसके बाद हॉस्टल में रहने वाली अन्य लड़कियों को अनहोनी का शक हुआ।
कमरे से नहीं आई कोई आवाज
हॉस्टल की छात्राओं ने बताया कि सुबह से ही छात्रा के कमरे में कोई हलचल नहीं हो रही थी। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो सहेलियों ने उसे कई बार आवाज लगाई। लेकिन अंदर से सन्नाटा पसरा रहा। इसके बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई और अन्य छात्राएं भी वहां जमा हो गईं। सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि कैसे लड़कियां परेशान होकर कमरे के बाहर इकट्ठा हैं।
खिड़की से झांका तो उड़ गए होश
जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो एक छात्रा ने हिम्मत जुटाई। उसने दरवाजे के पास एक टेबल रखी और ऊपर वाली खिड़की से अंदर झांककर छात्रा को पुकारने की कोशिश की। लेकिन अंदर छात्रा अचेत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद घबराई हुई छात्राओं ने मिलकर दरवाजे को जोरदार झटका दिया और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुईं। कमरे का मंजर देखकर हर कोई दंग रह गया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है ताकि घटना के सही समय और कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या यह खुदकुशी का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल, छात्रा के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।