BNT Desk: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र से कानून को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ मछली पकड़ने के विवाद को सुलझाने पहुँची पुलिस टीम पर सरपंच और उसके समर्थकों ने जानलेवा हमला कर दिया। दबंग सरपंच फहद आजम ने अपने गुंडों के साथ मिलकर तैनात दारोगा श्रीकांत सिंह की बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। SSP सुशील कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी का आदेश दिया है।
आखिर क्यों भड़की हिंसा?
पूरा मामला कटरा के बंधपुरा पंचायत स्थित बसंत गांव के एक पोखर (तालाब) से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, इस पोखर से मछली पकड़ने का ठेका पहले सरपंच फहद आजम के पास था, जिसकी समय सीमा अब खत्म हो चुकी है। प्रशासन ने अब इसका नया आवंटन तेहवारा निवासी तपेंद्र सिंह को कर दिया है। शुक्रवार को जब तपेंद्र सिंह मछली पकड़ने पहुंचे, तो सरपंच और उनके समर्थकों ने उनका विरोध किया। विवाद बढ़ता देख तपेंद्र सिंह ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
पुलिस पर हमला और भारी तनाव
तपेंद्र सिंह की शिकायत पर दारोगा श्रीकांत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। जैसे ही पुलिस की मौजूदगी में मछली पकड़ने का काम शुरू हुआ, सरपंच फहद आजम और उनके दर्जनों समर्थकों ने हमला बोल दिया। सरपंच के गुंडों ने न केवल पुलिसवालों को पीटा, बल्कि दूसरे पक्ष के लोगों के साथ भी जमकर मारपीट की। हमले में दारोगा श्रीकांत सिंह बुरी तरह जख्मी हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय कटरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटरा थानेदार पंकज कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी सरपंच और उसके साथी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। एसएसपी ने साफ कर दिया है कि पुलिस की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।