BNT Desk: बिहार के किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ तीन लोगों द्वारा लंबे समय तक सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपियों ने महिला को जान से मारने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण किया। इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता गर्भवती हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पति की अनुपस्थिति का उठाया फायदा
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का पति रोजी-रोटी कमाने के सिलसिले में पंजाब गया हुआ था। महिला घर पर अपने बच्चों के साथ अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर बहादुरगंज के कास्तटोली निवासी तीन आरोपियों ने पहले से ही घात लगाकर महिला को घेर लिया। आरोपियों ने महिला का मुँह कपड़े से बाँध दिया ताकि वह शोर न मचा सके और फिर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
धमकी के डर से साधी चुप्पी
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने महिला को बुरी तरह डराया-धमकाये। उन्होंने धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो वे उसे और उसके बच्चों को जान से मार देंगे। डर के मारे महिला सहम गई और उसने किसी को कुछ नहीं बताया। इसी खामोशी का फायदा उठाकर आरोपी लगातार महिला का शारीरिक शोषण करते रहे, जिससे उनका मनोबल और बढ़ गया।
प्रेग्नेंट होने पर घर लौटा पति, पुलिस में दर्ज हुई FIR
अत्याचार का यह सिलसिला तब तक चलता रहा जब तक कि महिला गर्भवती नहीं हो गई। जब महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी, तो वह तुरंत पंजाब से वापस घर लौट आया। पति के आने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पुलिस थाने पहुँचकर पूरी आपबीती सुनाई। खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और तीनों आरोपी अपने घर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा का भरोसा
महिला थाना अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है और जल्द ही कोर्ट में उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस ने पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा प्रदान करने का भरोसा दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।