BNT Desk: बिहार के गोपालगंज जिले से एक रूहानी कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के नगर थाना क्षेत्र में अपने घर के दरवाजे पर खेल रही महज दो साल की मासूम बच्ची को एक युवक ने अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित बच्ची की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और वह फिलहाल सदर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
खेलती बच्ची को उठाकर ले गया आरोपी
यह शर्मनाक घटना तब हुई जब बच्ची अपने घर के बाहर बेफिक्र होकर खेल रही थी। तभी आरोपी की नज़र उस पर पड़ी और उसने उसे अगवा कर लिया। जब काफी देर तक बच्ची नहीं मिली, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई करने के बाद डायल-112 की टीम के हवाले कर दिया।
यूपी का रहने वाला है आरोपी मोहम्मद सारीक
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सारीक के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का निवासी है और गोपालगंज के एक बाइक शोरूम में पेंटर का काम करता था। सदर एसडीपीओ प्रांजल त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को जेल भेज दिया है। एएसआई नंदकिशोर सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर आरोपी को भीड़ से बचाते हुए अपनी हिरासत में लिया।
24 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात, पुलिस का दावा
हैरान करने वाली बात यह है कि गोपालगंज के नगर थाना इलाके में बीते 24 घंटे के भीतर रेप और गैंगरेप की यह दूसरी बड़ी घटना है। इन वारदातों ने महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, जिले के एसपी विनय तिवारी ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘स्पीडी ट्रायल’ (त्वरित सुनवाई) चलाई जाएगी ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जा सके। एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
अस्पताल में बच्ची की हालत चिंताजनक
फिलहाल, मासूम बच्ची सदर अस्पताल में भर्ती है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे परिजन बेहद डरे हुए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे परिवार के साथ खड़े हैं और कानून के तहत अपराधी को ऐसी सजा दिलवाएंगे जो मिसाल बनेगी।