जमुई में बेखौफ बदमाशों का तांडव: थाने से चंद कदम दूर स्वर्ण व्यवसायी से 50 लाख की लूट

जमुई के मलयपुर थाने के पास अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी विक्रम सोनी से ₹50 लाख की बड़ी लूट को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यवसायी को घायल कर दिया और फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच और अपराधियों की तलाश में जुटी है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: जमुई के मलयपुर में शुक्रवार की रात अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सात नकाबपोश बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को घेरकर लूटपाट की और विरोध करने पर सिर फोड़ दिया।

थाने के पास ही दिया वारदात को अंजाम

हैरानी की बात यह है कि लूट की यह घटना मलयपुर थाने से महज 15-20 मीटर की दूरी पर हुई। शहर के पुरानी बाजार निवासी 35 वर्षीय विक्रम सोनी (विक्की) शुक्रवार रात बाइक से जमुई स्टेशन जा रहे थे। जैसे ही वे आंजन नदी पुल के पास पहुँचे, दो बाइकों पर सवार 6 बदमाशों और एक ऑटो सवार अपराधी ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर करीब 50 लाख रुपये के गहने और नकदी लूट ली।

विरोध करने पर हथियार से किया हमला

विक्रम सोनी थोक सोना-चांदी का व्यापार करते हैं। जब उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई को बचाने की कोशिश की, तो अपराधियों ने पिस्तौल की बट से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया। विक्रम लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और अपराधी बड़े आराम से किऊल की ओर भाग निकले। घायल व्यवसायी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

इतनी बड़ी लूट और वह भी थाने के बगल में होने से पुलिस प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी विश्वजीत दयाल और मलयपुर थाना अध्यक्ष शेखर सौरभ मौके पर पहुँचे। एसपी ने खुद अस्पताल जाकर पीड़ित व्यवसायी से बात की और घटना की पूरी जानकारी ली। इलाके में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।

जल्द गिरफ्तारी का मिला भरोसा

एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम बना दी गई है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में काफी डर और नाराजगी देखी जा रही है।

Share This Article