पटना: फतुहा में रिश्तों का कत्ल; महज़ दो इंच जमीन विवाद में युवक ने बरसाईं गोलियां

पटना के फतुहा में महज 2 इंच जमीन के विवाद में एक युवक ने अंधाधुंध फायरिंग कर अपनी चाची और पड़ोसी की हत्या कर दी। इस खूनी खेल में आरोपी का चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी के घर से हथियार बरामद किए हैं और फरार हमलावर की तलाश जारी है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: बिहार की राजधानी पटना से सटे फतुहा में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। महज दो इंच जमीन के मामूली विवाद में एक युवक ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर अपनी ही चाची और एक पड़ोसी की हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली वारदात शुक्रवार को फतुहा थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव में हुई। इस गोलीबारी में आरोपी का चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज पटना के PMCH अस्पताल में चल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रसलपुर गांव के रहने वाले दो सगे भाइयों, श्रवण प्रसाद और राजकुमार प्रसाद के बीच काफी समय से दो इंच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी बात पर दोनों भाइयों में बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि राजकुमार प्रसाद का बेटा शिवम कुमार गुस्से में वहां कट्टा लेकर पहुंच गया और फायरिंग शुरू कर दी।

मौके पर ही टूट गई सांसें

शिवम की चलाई गोली सीधे उसकी चाची राजमंत्री देवी (50 वर्ष) के जबड़े में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए पड़ोसी देवसागर सिंह (55 वर्ष) के सिर में गोली लगी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। वहीं, श्रवण प्रसाद का बेटा राजन कुमार भी हाथ में गोली लगने से घायल है।

पुलिस की कार्रवाई और इलाके में तनाव

वारदात के बाद आरोपी शिवम मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार और FSL की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली, जहाँ से दो देसी कट्टे, एक तलवार और एक बाइक बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस की टीम फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Share This Article