दरभंगा में दर्दनाक हादसा: क्रिकेट खेलकर लौट रहे तीन किशोरों की सड़क दुर्घटना में मौत, गांव में पसरा मातम

दरभंगा के बिरौल में बुधवार देर शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में अंकित, पंकज और विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों किशोर क्रिकेट मैच खेलकर घर लौट रहे थे। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है और पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ बुधवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। बिरौल-गंडौल मुख्य सड़क (SH-17) पर सोनपुर क्रॉसिंग के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार तीन किशोरों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। ये तीनों किशोर क्रिकेट मैच खेलकर अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें अपना ग्रास बना लिया।

क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे थे किशोर

मिली जानकारी के अनुसार, बहेड़ी थाना क्षेत्र के अखतवाड़ा गांव के रहने वाले तीन दोस्त—अंकित कुमार (17 वर्ष), पंकज कुमार (17 वर्ष) और विवेक कुमार (16 वर्ष)—बुधवार को क्रिकेट खेलने गए थे। शाम को मैच खत्म करने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर सुपौल बाजार की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे बिरौल थाना क्षेत्र के सोनपुर ढाला के पास पहुँचे, सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

बाइक देखते ही मची चीख-पुकार

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और तीनों को तुरंत सुपौल बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि जिस बाइक पर वे सवार थे, वह विवेक के चाचा और होमगार्ड जवान बैजनाथ सहनी की थी। विवेक के परिजनों ने बताया कि उन्होंने बच्चों को सुपौल बाजार जाने से मना भी किया था, लेकिन अनहोनी को कुछ और ही मंजूर था।

गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस जाँच में जुटी

जैसे ही तीनों किशोरों के शव उनके पैतृक गांव अखतवाड़ा पहुँचे, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के हर शख्स की आँखें नम हैं। बिरौल थाना प्रभारी चंद्रमणि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए DMCH (दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) भेज दिया गया है। फिलहाल टक्कर मारने वाला वाहन और उसका चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस सघन छापेमारी कर रही है।

Share This Article