BNT Desk: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक B.A की छात्रा ने सनवर आलम नाम के युवक पर पिछले 11 महीनों में 30 बार रेप करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने न केवल उसे डरा-धमकाकर अपनी हवस का शिकार बनाया, बल्कि शादी का झूठा वादा करके उसे लंबे समय तक धोखा भी दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत उसके परिवार के 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
कॉलेज से शुरू हुई पहचान और फिर शुरू हुआ जुल्म
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी सनवर आलम उसके साथ ही कॉलेज में पढ़ता था। पढ़ाई के दौरान ही उसने छात्रा से मेल-जोल बढ़ाया और उसके घर आने-जाने लगा। छात्रा की मां को उसका घर आना पसंद नहीं था, लेकिन वह फिर भी जबरदस्ती आता रहा। आरोप है कि 10 अगस्त 2024 को जब वह घर आया, तो उसने पहली बार डरा-धमकाकर छात्रा के साथ गलत काम किया। लोक-लाज और डर की वजह से छात्रा उस वक्त चुप रह गई, जिसका फायदा उठाकर सनवर ने उसे बार-बार अपनी हवस का शिकार बनाना शुरू कर दिया।
पंचायत में शादी का वादा कर मुकर गया आरोपी
जैसे-जैसे जुल्म बढ़ता गया, छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत के सामने सनवर आलम ने अपनी गलती मानी और छात्रा से शादी करने के लिए तैयार हो गया। लेकिन कुछ ही दिनों बाद वह अपनी बात से पलट गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसके दोस्तों और भाइयों को भी उसके बारे में आपत्तिजनक बातें बताकर उसे बदनाम करने की कोशिश की।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
मंगलवार को पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मंगलपुर कला के रहने वाले सनवर आलम, उसके परिवार के इस्माइल मियां, बबिया खातून, समीर आलम, सोनी खातून, खुशी कुमारी और नसीब आलम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। पीड़िता का कहना है कि वह पढ़-लिखकर अफसर बनना चाहती थी, लेकिन आरोपी की करतूतों ने उसका भविष्य अधर में डाल दिया है।