बेतिया में अंडा व्यवसायी को गोली मारकर हत्या, पहले से मिल रही थी जान से मारने की धमकी

बेतिया के नरकटियागंज में अज्ञात अपराधियों ने अंडा व्यवसायी विजय कुमार साह की गोली मारकर हत्या कर दी। शव रेलवे ढाला के पास मिला। परिजनों ने पहले से धमकी और पुराने हमले का आरोप लगाया है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार के बेतिया जिले के नरकटियागंज से शनिवार सुबह एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर के वार्ड संख्या सात निवासी और पेशे से अंडा व्यवसायी विजय कुमार साह की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उनका शव नरकटियागंज–भिखना ठोरी रेलखंड पर नंदपुर रेलवे ढाला के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह और थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की। मौके से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

पहले भी हो चुका था जानलेवा हमला

मृतक की पत्नी माया मति देवी ने बताया कि 29 नवंबर 2025 को भी विजय कुमार पर इसी रेलखंड पर चाकू से हमला किया गया था। हमले में उनका पेट गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उस समय करीब पांच लाख रुपये खर्च कर उनकी जान बचाई गई थी। परिजनों का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही थी, जिसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी।

घर से निकले, फिर नहीं लौटे

परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब सात बजे विजय कुमार यह कहकर घर से निकले थे कि वे धर्मेंद्र की पान दुकान पर पान खाने जा रहे हैं। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह रेलवे लाइन किनारे शव मिलने की सूचना आई।

परिजनों का हंगामा और सड़क जाम

हत्या की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों ने नंदपुर ढाला के पास सड़क जाम कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का विरोध किया। कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा। एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पूर्व के चाकूबाजी मामले में चार लोगों पर एफआईआर दर्ज थी, जिसमें एक आरोपी अभी फरार है। उसी कड़ी में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।

Share This Article