औरंगाबाद में सनसनी: नवाडीह मोड़ पर मेडिकल दुकानदार की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

औरंगाबाद के नवाडीह मोड़ पर गैलेक्सी मेडिकल के मालिक मो. जुनैद अहमद की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और बाकी की तलाश जारी है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: बिहार के औरंगाबाद शहर से शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुरानी जीटी रोड नवाडीह मोड़ स्थित गैलेक्सी मेडिकल के मालिक मो. जुनैद अहमद की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात रात करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके में कैंप कर रहा है।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सदर एसडीपीओ वन संजय कुमार पांडेय ने बताया कि गोली लगने के बाद परिजन गंभीर हालत में मो. जुनैद अहमद को मेडिकल कॉलेज जमुहार लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिवार की ओर से दिए गए आवेदन में सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जांच तेज

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश, कारोबार से जुड़ा विवाद या किसी अन्य वजह की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

शहर के बीचोंबीच और व्यस्त इलाके में हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नवाडीह मोड़ जैसे इलाके में अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी से इलाके में स्थिति नियंत्रित है, लेकिन लोगों के मन में कई सवाल अब भी बने हुए हैं।

Share This Article