BNT Desk: बिहार के जमुई जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के हरला गांव में सोमवार देर शाम मां की डांट से आहत होकर एक 14 साल की नाबालिग लड़की ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि लड़की ने घर की छत में लगे एंगल से साड़ी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मंगलवार सुबह लक्ष्मीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में है और गांव में मातम छा गया है।
घर से बाहर जाने पर लगी थी फटकार
मृतका के पिता, रविंद्र कुमार, ने बताया कि घटना के समय वह मुंगेर जिले में एक शादी समारोह में गए हुए थे। उन्हें सोमवार शाम फोन पर बेटी की मौत की खबर मिली, जिसके बाद वह तुरंत घर लौटे। उन्होंने जानकारी दी कि उनकी बेटी बिना बताए लक्ष्मीपुर चली गई थी, जबकि न तो उस दिन स्कूल था और न ही ट्यूशन। घर लौटने पर मां ने उसे जोर से डांटा कि जब घर पर कोई बड़ा नहीं था तो वह क्यों बाहर गई थी। परिवार वालों के लिए यह सदमा और भी बड़ा है क्योंकि लड़की इसी साल मैट्रिक (10वीं) की परीक्षा देने वाली थी।
दरवाजा न खुलने पर हुआ शक
पिता ने बताया कि शाम के समय जब मां दीपक जलाने के लिए बेटी के कमरे में गईं, तो दरवाजा अंदर से बंद था। बार-बार खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो उन्हें लगा कि बेटी मां की डांट से नाराज़ होकर सो गई है और उसने खाना भी नहीं खाया। परिवार के किसी भी सदस्य ने यह नहीं सोचा था कि उनकी बेटी इतनी छोटी सी बात पर इतना भयानक कदम उठा लेगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
जब परिजनों ने जबरदस्ती दरवाजा तोड़ा तो उनके होश उड़ गए। अंदर लड़की फंदे से झूल रही थी। इस मंजर को देखकर पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हरला गांव में इस घटना से सनसनी फैल गई है। लक्ष्मीपुर थाना की पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर किस वजह से बेटी ने इतना बड़ा फैसला लिया।