BNT Desk: बाइक प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। Bajaj Auto के एमडी और सीईओ राजीव बजाज ने पुष्टि की है कि नई 350cc क्षमता वाली Triumph Motorcycles बाइक्स अप्रैल 2026 तक बाजार में लॉन्च कर दी जाएंगी। ये मॉडल मौजूदा 400cc रेंज से सस्ते होंगे।
क्यों लाई जा रही हैं 350cc बाइक्स?
फिलहाल ट्रायम्फ की छोटी क्षमता वाली सभी बाइक्स 350cc से ऊपर हैं, जिस वजह से उन पर 40 प्रतिशत तक टैक्स लगता है। लेकिन 350cc से कम इंजन क्षमता वाली बाइक्स पर सिर्फ 18 प्रतिशत जीएसटी लागू होता है। इसी टैक्स अंतर का फायदा उठाने के लिए कंपनी 350cc से कम क्षमता वाले मॉडल लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इससे इन बाइक्स की कीमत ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो सकेगी और ग्राहकों को किफायती विकल्प मिलेगा।
इंजन में क्या होगा खास?
नई 350cc बाइक्स पूरी तरह नया इंजन नहीं होंगी, बल्कि मौजूदा 399cc इंजन का छोटा संस्करण होंगी। जानकारी के मुताबिक, इंजन में छोटा बोर इस्तेमाल किया जाएगा ताकि इसकी क्षमता 350cc से थोड़ा कम रहे। मौजूदा 399cc, सिंगल सिलेंडर, लिक्विड कूल्ड इंजन लगभग 40 हॉर्सपावर और 37.5 एनएम टॉर्क देता है। नए 350cc मॉडल में पावर आउटपुट 3 से 5 हॉर्सपावर तक कम हो सकता है। यानी प्रदर्शन में हल्की कमी आएगी, लेकिन कीमत कम होने से यह संतुलन बन सकता है।
KTM और बजाज की भी हो सकती है तैयारी
खबर है कि इसी रणनीति को आगे बढ़ाते हुए KTM की 390 रेंज और बजाज की डोमिनार 400 व NS400Z में भी बदलाव किए जा सकते हैं। हालांकि इन मॉडलों की लॉन्च टाइमलाइन अभी स्पष्ट नहीं है।
ग्राहकों को क्या फायदा?
कम टैक्स के कारण नई Triumph 350cc बाइक्स की कीमत मौजूदा 400cc मॉडल से कम रखी जा सकेगी। इससे मिड सेगमेंट स्पोर्ट्स और नेकेड बाइक खरीदने वालों के लिए एक नया विकल्प खुलेगा। अगर कंपनी सही कीमत और फीचर्स का संतुलन बना पाती है, तो यह कदम भारतीय बाजार में Triumph और Bajaj दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।