सरकारी बैंकों की कमाई का बड़ा राज़: मिनिमम बैलेंस और SMS चार्ज में करोड़ों की वसूली

पिछले तीन सालों में सरकारी बैंकों ने मिनिमम बैलेंस न रखने और SMS चार्ज के जरिए ग्राहकों से भारी वसूली की है। पंजाब नेशनल बैंक ने मिनिमम बैलेंस से सबसे ज्यादा कमाई की, जबकि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया SMS चार्ज में सबसे आगे रहा। ज़ीरो-बैलेंस खातों में ये पेनाल्टी नहीं लगती।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: क्या आपको पता है कि आपके बैंक अकाउंट से कटने वाला छोटा सा चार्ज बैंकों के लिए कितनी बड़ी कमाई का जरिया है? अगर आपका खाता किसी सरकारी बैंक में है, तो यह खबर आपको हैरान कर सकती है। पिछले तीन सालों (वित्त वर्ष 2022-23 से 2024-25) के दौरान सरकारी बैंकों ने ‘मिनिमम बैलेंस’ न रखने और ‘SMS चार्जेस’ के नाम पर ग्राहकों की जेब से जमकर पैसे निकाले हैं। संसद में पेश किए गए सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस कमाई के मामले में पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सबसे टॉप पर रहे हैं।

मिनिमम बैलेंस के नाम पर PNB ने की रिकॉर्ड तोड़ कमाई

अगर हम मिनिमम बैलेंस (न्यूनतम राशि) न रखने पर लगने वाली पेनाल्टी की बात करें, तो पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने सभी सरकारी बैंकों को पीछे छोड़ दिया है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले तीन वित्त वर्षों में PNB ने अपने बचत खाता ग्राहकों से कुल 1,577.87 करोड़ रुपये की वसूली की है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर बैंक ऑफ बड़ौदा रहा है, जिसने 1,272.17 करोड़ रुपये कमाए। वहीं, इंडियन बैंक 1,166.27 करोड़ रुपये वसूल कर तीसरे स्थान पर काबिज है।

SMS चार्जेस वसूलने में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया नंबर-1

बैंक आपको जो छोटी-छोटी सूचनाएं मैसेज के जरिए भेजते हैं, उसके बदले भी भारी-भरकम रकम वसूली गई है। SMS सुविधा के लिए सबसे ज्यादा पैसे वसूलने वाला बैंक ‘यूनियन बैंक ऑफ इंडिया’ बना है। इस बैंक ने पिछले तीन सालों में ग्राहकों से 1,188.14 करोड़ रुपये वसूले हैं। इस मामले में केनरा बैंक 506.28 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और बैंक ऑफ बड़ौदा 202.42 करोड़ रुपये के साथ तीसरे नंबर पर है।

किन खातों पर नहीं लगती कोई पेनाल्टी?

संसद में यह जानकारी देते हुए राज्य वित्त मंत्री पंकज चौधरी ने एक राहत की बात भी बताई। उन्होंने साफ किया कि सभी सरकारी बैंक ‘जीरो-बैलेंस’ खाते की सुविधा भी देते हैं। इनमें ‘बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट अकाउंट’ (BSBDA) और ‘प्रधानमंत्री जन धन योजना’ (PMJDY) के तहत खोले गए खाते शामिल हैं। इन खातों की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इनमें कोई मिनिमम बैलेंस रखने का झंझट नहीं होता। साथ ही, इनमें जमा, निकासी और एटीएम जैसी बेसिक सेवाएं भी मुफ्त मिलती हैं और कोई पेनाल्टी नहीं वसूली जाती।

Share This Article