BNT Desk: मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष का सीधा असर भारतीय सर्राफा बाजार पर देखने को मिला है। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण निवेशकों में डर और अनिश्चितता बढ़ी है। इसी के चलते सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर सोना और चांदी में तेज उछाल
सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के मई वायदा भाव में 3.4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई। दोपहर 12:15 बजे तक सोना 3.43 प्रतिशत की तेजी के साथ ₹1,67,650 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इंट्राडे में यह ₹1,67,915 तक पहुंच गया। वहीं चांदी के मई वायदा भाव में 3.59 प्रतिशत की तेजी आई। चांदी ₹2,92,801 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो करीब ₹10,157 की बढ़त है।
निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर
विशेषज्ञों का कहना है कि युद्ध जैसी स्थिति में निवेशक जोखिम भरे निवेश से दूरी बनाकर सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख करते हैं। सोना और चांदी पारंपरिक रूप से सुरक्षित निवेश माने जाते हैं, इसलिए ऐसे समय में इनकी मांग बढ़ जाती है।
क्या कह रहे हैं विशेषज्ञ
एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी एवं करेंसी) जतिन त्रिवेदी के अनुसार, हालिया सैन्य कार्रवाइयों और जवाबी हमलों ने अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है। उनका कहना है कि कूटनीतिक समाधान जल्दी निकलने की संभावना कम दिख रही है, जिससे बाजार में सतर्कता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि जब वैश्विक शेयर बाजार और अन्य जोखिम वाले एसेट्स दबाव में आते हैं, तो निवेशक पूंजी को कीमती धातुओं में शिफ्ट करते हैं। यही कारण है कि सोना और चांदी में तेज उछाल देखने को मिल रहा है।
आगे क्या रहेगा रुख?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि यह संघर्ष चार हफ्तों तक चल सकता है। अगर तनाव लंबा खिंचता है, तो कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। फिलहाल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है और निवेशकों की नजर वैश्विक घटनाक्रम पर टिकी है।