BNT Desk: विवादों और ऑपरेशनल दिक्कतों से घिरी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने एक बड़ा झटका दिया है। ब्रोकरेज ने इंडिगो को चलाने वाली कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के लिए अपना टारगेट प्राइस घटा दिया है। इससे पहले जेफरीज ने 12 महीने के लिए इसका प्राइस टारगेट ₹7025 तय किया था। वर्तमान में, इंडिगो के शेयर की कीमत ₹4860.85 के आसपास है। जेफरीज का यह कदम ऐसे समय में आया है जब हाल ही में बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने और देरी के चलते इंडिगो पहले से ही सवालों के घेरे में है।
जेफरीज ने क्या कहा? ‘बाय’ रेटिंग बरकरार
टारगेट प्राइस घटाने के बावजूद, जेफरीज ने इंडिगो के लिए अपनी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है। नया टारगेट प्राइस ₹6035 तय किया गया है। इसका मतलब है कि ब्रोकरेज को अभी भी लगता है कि शेयर अपनी मौजूदा क्लोजिंग प्राइस से 25% से ज़्यादा की बढ़ोतरी दर्ज कर सकता है। हालांकि, ब्रोकरेज ने यह माना है कि हाल की ऑपरेशनल समस्याएं और ज़्यादा लागत नज़दीकी भविष्य में कंपनी की कमाई पर असर डाल सकती है। यही वजह है कि जेफरीज ने वित्तीय वर्ष 2026 से 2028 के लिए कमाई के अनुमान में 13% से 53% तक की भारी कटौती की है।
लंबी रेस का घोड़ा है इंडिगो?
कमाई के अनुमान में कटौती के बावजूद, जेफरीज का मानना है कि इंडिगो की बाज़ार में मज़बूत पकड़, अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में विस्तार और कुशल लागत प्रबंधन इसे लंबी अवधि के लिए एक आकर्षक निवेश बनाते हैं। ब्रोकरेज को भरोसा है कि इंडिगो की मार्केट पोजीशन और ग्लोबल ग्रोथ की गुंजाइश अभी भी काफी है, जो मौजूदा लेवल से ऊपर जाने में मदद करेगी।
फ्लाइट संकट की जांच अमेरिकी कंपनी को
इस बीच, इंडिगो ने पिछले हफ़्ते बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने और व्यापक देरी के कारणों की जांच के लिए एक अमेरिकी कंपनी को ज़िम्मेदारी सौंपी है। निदेशक मंडल ने चीफ एविएशन एडवाइजर्स नामक अमेरिकी कंपनी को यह तकनीकी जांच सौंपने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी है। यह जाँच विमानन संरक्षा से जुड़े दिग्गज कैप्टन जॉन इलसन के नेतृत्व में होगी, जो FAA और ICAO जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ काम कर चुके हैं।