सर्राफा बाजार में भूचाल, सोने और चांदी की कीमतों में भारी उछाल

शादी सीजन के शुरू होते ही सोना और चांदी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। 24 कैरेट सोना 1,37,195 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,39,994 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। मांग बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार की हलचल से निवेशकों और खरीदारों के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: अगर आप शादी-ब्याह के इस सीजन में सोना या चांदी खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपको हैरान कर सकती है। आज शुक्रवार को सर्राफा बाजार खुलते ही सोने और चांदी की कीमतों में तूफानी तेजी देखी गई है। मांग बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल की वजह से 24 कैरेट सोने का भाव 1,752 रुपये बढ़कर 1,37,195 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। वहीं चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल आया है, जिससे आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ना तय लग रहा है।

सोने की कीमतों ने पकड़ी रफ़्तार

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को 24 कैरेट सोने का रेट 1,35,443 रुपये था, जो आज बढ़कर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केवल 24 कैरेट ही नहीं, बल्कि गहने बनाने में इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम भी काफी बढ़ गए हैं। आज बाजार में 23 कैरेट गोल्ड 1,36,646 रुपये, 22 कैरेट गोल्ड 1,25,671 रुपये और 18 कैरेट गोल्ड 1,02,896 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। कम बजट वालों के लिए 14 कैरेट गोल्ड का रेट भी अब 80,259 रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा पहुंचा है।

चांदी के दाम भी हुए बेकाबू

सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी ने भी एक बार फिर से रफ़्तार पकड़ ली है। आज एक किलो चांदी का भाव 2,39,994 रुपये के करीब पहुंच गया है। बता दें कि गुरुवार को चांदी 2,35,775 रुपये पर थी, यानी पिछले 24 घंटों में इसमें 4,219 रुपये की बढ़त दर्ज की गई है। 7 जनवरी को चांदी अपने रिकॉर्ड हाई यानी 2,48,000 रुपये तक गई थी, जिसके बाद थोड़ी गिरावट आई थी, लेकिन अब यह दोबारा अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने की दिशा में बढ़ रही है।

शादियों के सीजन में क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

कीमतों में इस अचानक उछाल के पीछे सबसे बड़ी वजह ‘खरमास’ का खत्म होना है। जैसे ही खरमास बीतेगा, देश में शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा। घरेलू बाजारों में सोने-चांदी के गहनों की डिमांड काफी बढ़ने वाली है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर मांग इसी तरह बनी रही, तो आने वाले दिनों में दोनों कीमती धातुएं अपने पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती हैं। निवेश करने वालों और खरीदारों के लिए यह समय काफी सोच-समझकर फैसला लेने का है।

Share This Article