गोपालगंज पहुंचा देश का सबसे विशाल शिवलिंग, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

तमिलनाडु के चेन्नई से 45 दिनों की ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर देश का सबसे विशाल शिवलिंग बिहार पहुंच गया है। फिलहाल यह गोपालगंज के बलथरी चेकपोस्ट पर विराजमान है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है, वहीं प्रशासन सुरक्षा और तकनीकी जांच में जुटा है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: गोपालगंज से इस वक्त आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति से जुड़ी एक अद्भुत खबर सामने आ रही है। देश का सबसे विशाल शिवलिंग अब बिहार की धरती पर पहुंच चुका है। यह दिव्य शिवलिंग पूर्वी चंपारण के केसरिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में स्थापित किया जाना है। तमिलनाडु के चेन्नई से करीब 45 दिनों की लंबी और ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर यह शिवलिंग बिहार पहुंचा है।

बलथरी चेकपोस्ट पर श्रद्धालुओं की भीड़

फिलहाल यह भव्य शिवलिंग उत्तर प्रदेश–बिहार सीमा पर गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 स्थित बलथरी चेकपोस्ट पर विराजमान है। इसके आगमन की खबर मिलते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज़ के इलाकों से लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। शिवलिंग के चारों ओर टेंट लगाकर भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना लगातार जारी है। पूरा इलाका “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज रहा है।

आस्था और इंजीनियरिंग का अद्भुत संगम

करीब ढाई सौ टन वजनी यह विशाल शिवलिंग केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि आधुनिक इंजीनियरिंग का भी बेमिसाल उदाहरण है। इसे विशेष रूप से डिजाइन किए गए भारी ट्रक के जरिए लाया गया है। इस दौरान सड़क, पुल और मोड़ों पर तकनीकी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा।

प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा सर्वोपरि

शिवलिंग की सुरक्षा और आगे की यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित खुद बलथरी चेकपोस्ट पहुंचे। उन्होंने तकनीकी टीम से बातचीत कर आगे की रणनीति पर चर्चा की। खासतौर पर गंडक नदी पर बने डुमरिया पुल की भार क्षमता की जांच कराई जा रही है।

देशभर की निगाहें अंतिम यात्रा पर

प्रशासन का साफ कहना है कि श्रद्धा के साथ सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। सभी मानकों पर संतोष होने के बाद ही शिवलिंग को आगे बढ़ाया जाएगा। अब पूरे देश की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कब यह दिव्य शिवलिंग केसरिया स्थित अपने अंतिम धाम तक पहुंचेगा।

Share This Article