थावे भवानी मंदिर चोरी मामले में बड़ा खुलासा, गोपालगंज में आरोपी के घर 10 घंटे तक चली पुलिस की छापेमारी

थावे भवानी मंदिर से करोड़ों के आभूषण चोरी मामले में गोपालगंज पुलिस ने शरीफ आलम के दो मकानों पर 10 घंटे तक छापेमारी की। आरोपी परिवार समेत फरार है, जबकि पुलिस ने कई संदिग्ध चोरी के सामान बरामद किए हैं।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: गोपालगंज जिले के सुप्रसिद्ध थावे भवानी मंदिर से करोड़ों रुपये के मुकुट और कीमती आभूषणों की चोरी के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मंदिर चोरी की घटना ने पूरे जिले में हलचल मचा दी थी, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अनुसंधान के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की।

तकनीकी साक्ष्य से सामने आया आरोपी का नाम

पुलिस जांच में नगर थाना क्षेत्र के अरार वार्ड नंबर 28 गांव निवासी गुलाब साईं के पुत्र शरीफ आलम की संलिप्तता सामने आई। प्राप्त तकनीकी इनपुट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार को शरीफ आलम के घर छापेमारी करने का फैसला लिया। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी और उसका पूरा परिवार घर छोड़कर फरार हो गया।

दो मकानों में चली 10 घंटे लंबी छापेमारी

पुलिस ने शरीफ आलम के दो अलग-अलग मकानों को चारों ओर से घेर लिया और सुबह करीब आठ बजे से छापेमारी अभियान शुरू किया। करीब दस घंटे तक चली सघन तलाशी के दौरान पुलिस की टीमों ने घर के चप्पे-चप्पे को खंगाल डाला। इस दौरान पुलिस को कई ऐसे सामान मिले हैं, जिनके चोरी के होने की आशंका जताई जा रही है। बरामद वस्तुओं की जांच की जा रही है।

इलाके में हड़कंप, पुलिस तलाश में जुटी

इस छापेमारी का नेतृत्व लाइन डीएसपी सुबोध कुमार ने किया। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग दहशत में नजर आए। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी और उसके परिवार की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही बरामद सामान को थावे भवानी मंदिर चोरी से जोड़कर जांच की जा रही है।

Share This Article