BNT Desk: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव फिलहाल बिहार से बाहर हैं और विदेश दौरे पर हैं। इसी बीच उनकी अनुपस्थिति में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ा सियासी झटका लगा है। पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है, जिससे बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
चुनावी हार के बाद RJD-कांग्रेस में बढ़ी खटास
बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद से ही राजद और कांग्रेस के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही थीं। अब राजद के नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना इस खटास को और उजागर करता है और राज्य की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत देता है।
सदाकत आश्रम में हुआ शक्ति प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, सभी नेताओं ने पटना स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। ये सभी नेता खगड़िया जिले से हैं, जिससे खगड़िया की राजनीति में इसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
इन दिग्गज नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
कांग्रेस में शामिल होने वालों में राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व जिला अध्यक्ष कुमार रंजन, युवा राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव संजय कुशवाहा, स्वराज इंडिया के खगड़िया जिला प्रवक्ता विप्लव रणधीर, जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता, यूथ फॉर स्वराज के जिला संयोजक अभिमन्यु शाह और किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राहुल चंद्रा शामिल हैं। इनके अलावा भी कई अन्य प्रमुख नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है।
कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित हुए नेता
खगड़िया जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अविनाश कुमार अविनाश ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि शुक्रवार को पटना में एक नया राजनीतिक अध्याय लिखा गया। उन्होंने कहा कि सभी नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
लोकतंत्र बचाने की लड़ाई तेज करेगी कांग्रेस
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राहुल गांधी की ‘संविधान बचाओ’ मुहिम को जनता तक मजबूती से पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है और कांग्रेस इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी।
खगड़िया की चारों सीटों पर संगठन मजबूत करने की तैयारी
राष्ट्रीय सचिव डॉ. चंदन यादव ने कहा कि खगड़िया जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस की विचारधारा को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा तथा संगठन को और अधिक सशक्त किया जाएगा।