BNT Desk: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं और सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि छोटी बच्चियों के साथ गैंगरेप जैसे मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि NEET छात्रा मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि दरभंगा से एक और घटना सामने आ गई। इसके अलावा राज्य के कई जिलों से लगातार ऐसी घटनाओं की खबरें आ रही हैं।
राबड़ी देवी और नीतीश कुमार विवाद पर बयान
तेजस्वी यादव ने कहा कि इन गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय जब पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सदन में सवाल उठाया, तो मुख्यमंत्री नीतीश Kumar ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, वह पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि किसी महिला नेता, खासकर पूर्व मुख्यमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग सही नहीं माना जा सकता।
मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर उठाए सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का माइक बंद कराया गया, जो पहले कभी नहीं होता था। तेजस्वी यादव ने कहा कि पीछे बैठे लोग मुख्यमंत्री को गाइड करते हैं, जिससे सरकार की कमजोरी दिखती है। उन्होंने मुख्यमंत्री की उम्र और स्वास्थ्य को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि उम्र बढ़ने के साथ कई तरह की बीमारियां आ सकती हैं।
NEET मामले और जांच पर सरकार को घेरा
NEET मामले को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर जांच सीबीआई को भी दे दी जाए, तब भी न्याय मिलने की उम्मीद कम है क्योंकि सरकार पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बालिका कांड और सृजन घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी दोषियों को बचाने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि NDA सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिलता है और बिहार में लोकतंत्र की जगह डर का माहौल बन गया है।
तेज प्रताप यादव के सवाल पर प्रतिक्रिया
तेजस्वी यादव ने तेज प्रताप यादव से जुड़े सवालों पर कहा कि इस बारे में उनसे सवाल नहीं किया जाए।