BNT Desk: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर राजनीति में सक्रिय होते नजर आ रहे हैं। करीब एक महीने की विदेश यात्रा के बाद तेजस्वी भारत लौट रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वे रविवार 4 जनवरी को दिल्ली पहुंच सकते हैं। लंबे समय बाद उनकी वापसी को बिहार की राजनीति में अहम माना जा रहा है।
दिल्ली में अहम बैठक की तैयारी
दिल्ली पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी की आगे की रणनीति और बिहार की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होगी। हालांकि, राजद की ओर से उनकी यात्रा और बैठकों को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
लालू यादव से मुलाकात संभव
दिल्ली प्रवास के दौरान तेजस्वी अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से भी मुलाकात कर सकते हैं। लालू यादव पिछले महीने आंख के ऑपरेशन के बाद से दिल्ली में ही रह रहे हैं। ऐसे में पिता-पुत्र की यह मुलाकात राजनीतिक और पारिवारिक दोनों दृष्टि से अहम मानी जा रही है।
पटना आने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में एक-दो दिन रुकने के बाद तेजस्वी यादव 5 या 6 जनवरी को पटना लौट सकते हैं। पटना पहुंचते ही उनके राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
बीजेपी पर तीखा हमला
अब स्वदेश लौटने से पहले ही तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। उन्होंने बिहार की महिलाओं को लेकर बीजेपी नेता के आपत्तिजनक बयान पर कड़ा हमला बोला है। बीजेपी लगातार तेजस्वी यादव को “लापता” बताकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रही थी। अब उनके लौटने की खबर से यह सियासी बहस और तेज हो गई है।