BNT Desk: बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी ही पुरानी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तेज प्रताप ने ऐलान किया है कि वे जल्द ही पूरे बिहार का दौरा करेंगे और एक बड़ी राज्यव्यापी यात्रा निकालेंगे। उन्होंने आरजेडी के मौजूदा हालातों पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पार्टी अब कुछ गिने-चुने लोगों के हाथों की कठपुतली बन कर रह गई है।
“लालू यादव हाईजैक हो चुके हैं, जयचंदों ने पार्टी को बर्बाद किया”
तेज प्रताप यादव ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव को कुछ लोगों ने ‘हाईजैक’ कर लिया है। अब पार्टी में उनके फैसले नहीं चलते। उन्होंने आरजेडी के भीतर मौजूद कुछ नेताओं को ‘जयचंद’ करार दिया और कहा कि इन्हीं लोगों की वजह से पार्टी आज 25 सीटों पर सिमट गई है और वह दिन दूर नहीं जब आरजेडी जीरो पर पहुंच जाएगी। तेज प्रताप का कहना है कि आज आरजेडी में पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं का सम्मान खत्म हो गया है और केवल बड़े उद्योगपतियों को टिकट बांटे जा रहे हैं, जिससे आम जनता का भरोसा टूट चुका है।
सुनील सिंह पर तीखा हमला: “बच्चा कब चाचा बन जाए, पता नहीं चलेगा”
आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह के साथ उनकी जुबानी जंग और भी तेज हो गई है। तेज प्रताप ने सुनील सिंह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि उनकी इतनी हैसियत नहीं कि वे उनके सामने खड़े हो सकें। सुनील सिंह द्वारा उनके बयानों को ‘बचकाना’ कहे जाने पर तेज प्रताप ने पलटवार करते हुए कहा, “सुनील सिंह याद रखें कि बच्चा कब चाचा बन जाएगा, उन्हें पता भी नहीं चलेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि सुनील सिंह ने न केवल पार्टी को खोखला किया बल्कि उनकी बहन का भी अपमान किया है। तेज प्रताप ने साफ कहा कि अगर लालू यादव का साथ न होता, तो आज सुनील सिंह को कोई पूछने वाला नहीं होता।
16 अप्रैल को पटना में बड़ी बैठक और जन्मदिन का खास मौका
तेज प्रताप ने अपनी भविष्य की रणनीति का खुलासा करते हुए बताया कि आगामी 16 अप्रैल को पटना में उनकी पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने वाली है। खास बात यह है कि इसी दिन तेज प्रताप का जन्मदिन भी है। इस बैठक में बिहार यात्रा का पूरा रूट और रूपरेखा फाइनल की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें अपने पिता का पूरा आशीर्वाद प्राप्त है और पिछले कार्यक्रम में लालू यादव की मौजूदगी इसका सबूत है। तेज प्रताप का मानना है कि वे अपने पिता के असली आदर्शों पर चल रहे हैं और इसीलिए लोग आरजेडी छोड़कर उनकी नई पार्टी से जुड़ रहे हैं।