फुलवारी शरीफ में छात्रा की संदिग्ध मौत से हड़कंप, SIT गठित और कोचिंग सील

पटना के फुलवारी शरीफ में 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। शरीर पर चोट के निशान और सीसीटीवी में संदिग्धों के दिखने के बाद सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने SIT गठित कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल वाले कोचिंग संस्थान को सील कर जांच तेज कर दी है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: पटना के फुलवारी शरीफ में नीट (NEET) की तैयारी कर रही 12वीं की एक छात्रा की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शुक्रवार देर रात सिटी एसपी (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह खुद घटनास्थल पर पहुँचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए। पुलिस ने इस मामले में फुलवारी शरीफ डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) बना दी है और उस कोचिंग संस्थान को भी सील कर दिया है, जहाँ यह घटना हुई।

परिजनों के आरोप और शरीर पर मिले चोट के निशान

छात्रा की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए जब शव को भेजा गया, तो छात्रा के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। इसे देखकर घरवाले काफी गुस्से में हैं और हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस हर उस पहलू की जांच कर रही है जिससे यह पता चल सके कि उस रात आखिर हुआ क्या था।

CCTV फुटेज से मिला बड़ा सुराग

जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ अहम सीसीटीवी फुटेज लगे हैं। इन फुटेज में कुछ संदिग्ध लड़के छत पर चढ़ते और वहां से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इन लड़कों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है, ताकि कोई भी सबूत छूट न जाए। सिटी एसपी ने भरोसा दिलाया है कि परिजनों को न्याय मिलेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

जांच जारी, पुलिस ने कहा- जल्दबाजी में कुछ कहना मुश्किल

सीटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा, “हमने फुलवारी शरीफ डीएसपी-1 सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम बना दी है जो हर एंगल से जांच कर रही है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन हम सीसीटीवी और अन्य सबूतों को खंगाल रहे हैं।” पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल जांच चल रही है, इसलिए अभी किसी नतीजे पर पहुँचना जल्दबाजी होगी।

Share This Article