BNT Desk: बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। पुपरी थाना क्षेत्र के झझीहट गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में 7वीं कक्षा के छात्र रितेश कुमार उर्फ गोलू की जान चली गई। रितेश अपने घर से कोचिंग के लिए निकला था, तभी मछली से लदे एक तेज़ रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम रितेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। लेकिन इस दुखद घटना के बाद जो मंजर दिखा, उसने लोगों की संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दीं।
शव के पास मची रही लूट
हादसे के बाद सड़क पर एक तरफ मासूम का शव पड़ा था और उसके परिजन दहाड़ें मारकर रो रहे थे, वहीं दूसरी तरफ तमाशबीन बनी भीड़ कुछ और ही करने में व्यस्त थी। दुर्घटना के बाद पिकअप से मछलियां सड़क पर बिखर गई थीं। मौके पर मौजूद लोग पीड़ित परिवार की मदद करने या पुलिस को फोन करने के बजाय, सड़क पर बिखरी मछलियों को लूटने में जुट गए। कोई झोले भर रहा था, तो कोई हाथों में ही मछलियां दबाकर भाग रहा था। एक तरफ मौत का मातम था और दूसरी तरफ लूट की होड़, जिसे देख हर कोई दंग रह गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक रितेश, संतोष दास का पुत्र था और रोज़ की तरह सुनहरे भविष्य के सपने लेकर पढ़ाई करने निकला था। उसे क्या पता था कि यह उसकी जिंदगी की आखिरी सुबह होगी। जैसे ही हादसे की खबर घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। रितेश की मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है, लेकिन लोगों के इस रवैये ने ग्रामीणों को और भी ज्यादा आहत किया है। समाज के गिरते नैतिक मूल्यों पर यह घटना एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि क्या हमारे लिए किसी की जान से ज्यादा कीमती चंद मछलियां हो गई हैं?
पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही पुपरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मछली लूट रही भीड़ को वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, हादसे को अंजाम देने वाले पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।