BNT Desk: मुजफ्फरपुर के लोगों का सालों पुराना सपना अब सच होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि साल 2026 में मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट से हवाई सेवा हर हाल में शुरू हो जाएगी। इसके लिए 40 करोड़ रुपये का टेंडर भी जारी कर दिया गया है।
अब उड़ान भरने की तैयारी शुरू
मुजफ्फरपुर में आयोजित ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने साफ किया कि अब सिर्फ बातें नहीं, बल्कि जमीन पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि पताही एयरपोर्ट के रनवे (हवाई पट्टी) को ठीक करने के लिए 40 करोड़ रुपये की निविदा (Tender) निकाल दी गई है। सरकार का लक्ष्य है कि इस साल के अंत तक रनवे का काम पूरा कर लिया जाए और जल्द से जल्द यहाँ से विमानों की आवाजाही शुरू हो सके।
जमीन अधिग्रहण और बजट पर जोर
हालांकि, एयरपोर्ट की मौजूदा हवाई पट्टी छोटी है, जिसे बड़ा करने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके लिए आसपास के कुछ गांवों को शिफ्ट करने की योजना है। सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार का बजट सिर्फ 23 हजार करोड़ था, जो अब बढ़कर 3.17 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन” की सरकार के पास विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है और केंद्र के सहयोग से मुजफ्फरपुर का कायाकल्प होगा।
मुजफ्फरपुर को मिलेगी मेट्रो की सौगात
हवाई सेवा के साथ-साथ शहरवासियों के लिए एक और अच्छी खबर है। मुजफ्फरपुर में अब मेट्रो चलाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। डिप्टी सीएम ने बताया कि रेलवे की कंपनी ‘राइट्स’ (RITES) को इसकी डीपीआर (DPR) बनाने का जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा, बूढ़ी गंडक नदी के बांध पर मुशहरी से समस्तीपुर के पूसा तक एक नई सड़क बनाई जाएगी, जिससे दो जिलों के बीच का सफर और भी आसान और कम समय वाला हो जाएगा।
सालों का चुनावी वादा होगा पूरा
बता दें कि पताही एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करना मुजफ्फरपुर का सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर स्थानीय नेता सुरेश शर्मा तक इसके लिए वादा कर चुके हैं। अब जबकि सरकार ने बजट जारी कर टेंडर निकाल दिया है, तो उत्तर बिहार के लोगों की उम्मीदें फिर से जाग गई हैं। मुजफ्फरपुर से हवाई सेवा शुरू होने से न सिर्फ व्यापार बढ़ेगा, बल्कि मरीजों और आम जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी।