सहरसा: 3 बीघा जमीन पर खूनी संघर्ष, 5 लोग गंभीर घायल, गांव में दहशत

सहरसा जिले के कनरिया थाना क्षेत्र के कठडूमर गांव में 3 बीघा जमीन पर मकई की फसल में मेढ़ बनाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडे और कुदाल से हमले में पांच लोग गंभीर घायल हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार के सहरसा जिले से जमीन विवाद को लेकर खून-खराबे की एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। कनरिया थाना क्षेत्र के कठडूमर गांव में सोमवार को महज खेत की मेढ़ (आर) बनाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस हिंसक झड़प में एक ही पक्ष के पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं।

3 बीघा जमीन और मकई की फसल पर विवाद

घटना का मुख्य कारण 3 बीघा जमीन पर मकई की फसल के बीच मेढ़ बनाना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को जब खेत में काम चल रहा था, तभी मेढ़ को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और कुदाल निकल आए और जमकर मारपीट हुई।

एक ही परिवार के 5 लोग घायल

इस खूनी संघर्ष में एक पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घायलों में 19 साल के युवक से लेकर 65 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं: मनीष कुमार (19 वर्ष), सनोज यादव (45 वर्ष), अरविंद्र यादव (35 वर्ष), रामसुरत यादव (60 वर्ष), रामटहल यादव (65 वर्ष) सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

फौजी पर गंभीर आरोप और वायरल वीडियो

पीड़ित परिवार ने फौजी रविंद्र कुमार, राजकिशोर यादव और चंदेश्वरी यादव समेत छह लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी रविंद्र कुमार ने अपनी फौजी पहचान का रौब दिखाते हुए कहा कि “सेंट्रल प्रशासन मेरा सपोर्ट करता है, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इस बयान के बाद ग्रामीणों में और भी अधिक आक्रोश है।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी के प्रयास

घटना की सूचना मिलते ही कनरिया थाना पुलिस ने गांव पहुंचकर स्थिति को संभाला। बख्तियारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मुकेश ठाकुर ने बताया कि पीड़ितों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गांव में फिलहाल तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

 

Share This Article