BNT Desk: पटना के सदाकत आश्रम में आज बिहार कांग्रेस की दो बड़ी बैठकें हो रही हैं। पहली बैठक दोपहर 1 बजे होगी, जिसमें पार्टी के प्रवक्ता और सोशल मीडिया टीम शामिल होगी। दूसरी बैठक दोपहर 2 बजे अलग-अलग संगठनात्मक मोर्चा के अध्यक्षों के साथ होगी।
प्रदेश अध्यक्ष करेंगे बैठक की अध्यक्षता
दोनों बैठकों की अध्यक्षता बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम करेंगे। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस लगातार समीक्षा बैठकें कर रही है और संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है।
संगठन मजबूत करने की तैयारी
चुनाव नतीजों के बाद राजेश राम ने कहा था कि कांग्रेस बिहार में फिर से संगठन खड़ा करेगी। इसके लिए एक रूट चार्ट तैयार किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष खुद जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिलेंगे और जमीनी हालात का जायजा लेंगे।
ब्लॉक से जिला स्तर तक फोकस
कांग्रेस अब ब्लॉक लेवल से लेकर जिला लेवल तक पार्टी को मजबूत करने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए पार्टी के सभी विभागों और कमेटियों के सदस्यों से सुझाव लिए जा रहे हैं।
विधायक दल का नेता अभी तय नहीं
कांग्रेस अब तक अपने विधायक दल का नेता नहीं चुन पाई है। विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद भी इस पर फैसला नहीं हुआ है।
इन नामों पर चर्चा
विधायक दल के नेता के लिए मनिहारी से विधायक मनोहर प्रसाद सिंह और अररिया से विधायक अबिदुर्र रहमान के नाम चर्चा में हैं। मनोहर प्रसाद सिंह चौथी बार और अबिदुर्र रहमान तीसरी बार विधायक बने हैं, लेकिन प्रदेश नेतृत्व ने अभी तक किसी नाम पर मुहर नहीं लगाई है।