BNT Desk: बिहार की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा और तीखा हमला बोला है। रोहिणी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी मर्यादा भूल चुके हैं और महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना अब उनकी पुरानी आदत बन गई है।
संसदीय मर्यादा लांघने का लगाया आरोप
रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में लिखा कि माननीय मुख्यमंत्री सदन के अंदर हो या बाहर, कई बार अपनी भाषा की सीमा लांघ चुके हैं। उन्होंने कहा कि दर्जनों बार मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंचों से महिलाओं के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया है जो कहीं से भी शोभनीय नहीं है। रोहिणी के मुताबिक, जब किसी व्यक्ति के पास तर्कों और तथ्यों की कमी हो जाती है, तब वह अपनी खींच मिटाने के लिए इस तरह के वैचारिक खोखलेपन का सहारा लेता है।
मुख्यमंत्री की नीयत पर उठाए सवाल
इस विवाद को आगे बढ़ाते हुए रोहिणी ने मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए बयानों को अगर गौर से देखा जाए, तो यह साफ हो जाता है कि वे महिलाओं के प्रति एक खास तरह की ‘मानसिक कुंठा’ से ग्रसित हैं। रोहिणी ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा महिला सम्मान की जो भी बातें की जाती हैं, वे महज एक चुनावी दिखावा और राजनीतिक स्टंट के अलावा कुछ नहीं हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
रोहिणी आचार्य का यह पोस्ट आते ही इंटरनेट पर वायरल हो गया है। लोग इसे बिहार की राजनीति में ‘महिला अस्मिता’ की लड़ाई से जोड़कर देख रहे हैं। विपक्ष लगातार नीतीश कुमार को उनके पुराने बयानों की याद दिलाकर घेरने की कोशिश कर रहा है। अब देखना यह है कि जेडीयू की तरफ से इस तीखे हमले पर क्या सफाई आती है। राजनीति के जानकारों का मानना है कि आने वाले चुनाव में महिलाओं का सम्मान एक बड़ा मुद्दा बनने वाला है।