BNT Desk: आज पटना में Rashtriya Lok Morcha (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी में कई बड़े बदलावों की घोषणा की। इस मौके पर कुल 2 ही विधायक मौजूद थे — विधायक आलोक सिंह और माधव आनंद। जबकि रामेश्वर महतो और स्नेहलता कुशवाहा (उपेंद्र की पत्नी) उपस्थित नहीं थे। कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान कमिटी पार्टी की कामकाजी इकाई रहेगी जब तक राष्ट्रीय इकाई का गठन नहीं हो जाता।
पार्टी नेतृत्व और नई टीम
RLM ने संगठन में नए पदों की घोषणा की। विधायक आलोक सिंह को RLM का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा, 2 कार्यकारी अध्यक्ष — प्रशांत पंकज और सुभाष चन्द्रवंशी — नामित किए गए हैं। पार्टी ने हिमांशु पटेल को प्रदेश प्रधान महासचिव तथा मदन चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संगठन का पद सौंपा है। कुशवाहा ने बताया कि आने वाले दिनों में पार्टी का विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
पार्टी की रणनीति और संगठन विस्तार
उपेंद्र कुशवाहा ने बताया कि राष्ट्रीय इकाई का गठन जल्द होगा, और जब वह पूरी तरह विधिवत पूरी हो जाएगी, तभी नई राष्ट्रीय नेतृत्व टीम काम करेगी। वर्तमान कमिटी उस तक पार्टी की गतिविधियों का संचालन करेगी। इसके अलावा, जिलाध्यक्ष व राज्य इकाई का गठन भी इसी कमिटी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि RLM में फिलहाल कोई नाराजगी नहीं है, केवल चर्चा और आंतरिक संवाद जारी है।
नाराज़गी पर उपेंद्र का बयान
जब उनसे पूछा गया कि रामेश्वर महतो और स्नेहलता कुशवाहा की अनुपस्थिति को पार्टी में नाराज़गी माना जा रहा है, तो उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि विधायक दल की कोई मीटिंग नहीं हुई थी, इसलिए वे उपस्थित नहीं थे। उनका कहना था कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाकर ही आगे बढ़ाना है और सभी मिलकर इसका समर्थन करेंगे।