BNT Desk: बिहार की राजनीति में पोस्टर वार एक बार फिर चर्चा में है। राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर तंज कसा गया है। यह पोस्टर पार्टी कार्यालय के बाहर लगाया गया है और इसके सामने आने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।
राजद नेताओं ने लगाया पोस्टर
यह पोस्टर राजद के प्रदेश महासचिव भाई अरुण कुमार और प्रदेश अल्पसंख्यक सचिव नसीमा जमाल की ओर से लगाया गया है। पोस्टर लगाने के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ धोखा किया है और यही बात इस पोस्टर के माध्यम से दिखाने की कोशिश की गई है।
पोस्टर में क्या दिखाया गया
पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर लगाई गई है। तस्वीर के नीचे “नीतीश कुमार – राज्यसभा” लिखा हुआ है। इसके साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी को खाली दिखाया गया है।
पोस्टर में एक सांप को उस खाली कुर्सी को निगलते हुए दिखाया गया है। इस तस्वीर के जरिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की गई है। पोस्टर को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
“भाजपा ने किया नीतीश के साथ धोखा”
पोस्टर लगाने वाले राजद नेताओं का सीधा आरोप है कि भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ बड़ा खेल किया है। उनका कहना है कि जिस ‘चीफ मिनिस्टर ऑफ बिहार’ की कुर्सी पर नीतीश कुमार का कब्जा था, उसे भाजपा धीरे-धीरे खत्म कर रही है। राजद का तर्क है कि भाजपा ने नीतीश कुमार को भरोसे में लेकर अब उन्हें बेदखल करने की पूरी पटकथा लिख दी है।
सियासी तंज और पोस्टर पॉलिटिक्स
राजद का यह पोस्टर ऐसे समय में आया है जब बिहार की सत्ता के गलियारों में नीतीश कुमार के इस्तीफे और उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर खबरें गर्म हैं। राजद इस पोस्टर के जरिए जनता को यह बताना चाहती है कि जेडीयू अब भाजपा के सामने कमजोर पड़ चुकी है और मुख्यमंत्री की कुर्सी अब सुरक्षित नहीं है।