BNT Desk: पटना में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि छात्रा के साथ जो कुछ हुआ, वह बेहद हृदयविदारक है और इस मामले में सच्चाई सामने आना जरूरी है।
प्रशासन पर शुरुआती इनकार का आरोप
शक्ति सिंह यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टि में प्रशासन ने इस मामले से इनकार किया था। बाद में जांच में सामने आया कि छात्रा की मौत भारी मात्रा में ड्रग्स लेने की वजह से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने शुरू में स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया और स्पष्ट जवाब देने से बचता रहा।
कैंडल मार्च के बाद हरकत में आया प्रशासन
राजद प्रवक्ता ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार ने सड़क पर उतरकर कैंडल मार्च नहीं किया, तब तक सरकार और प्रशासन हरकत में नहीं आया। परिवार के दबाव और विरोध के बाद ही जांच प्रक्रिया तेज की गई।
विपक्ष ने लगातार उठाए सवाल
इस मामले को लेकर विपक्ष लगातार सवाल खड़े करता रहा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सरकार से जवाब मांगा था। शक्ति सिंह यादव ने कहा कि अब जाकर पुलिस भी मान रही है कि इस मामले को नकारा नहीं जा सकता और सभी पहलुओं की गहन जांच जरूरी है।
बढ़ते अपराधों पर चिंता
शक्ति सिंह यादव ने बिहार में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। खगड़िया, मधेपुरा, बेगूसराय और पटना की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
जाति-धर्म से ऊपर न्याय की मांग
राजद के मुख्य प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी किसी भी घटना को जाति या धर्म के नजरिए से नहीं देखती। चाहे पीड़ित किसी भी जाति या मजहब का हो, यदि दरिंदगी हुई है तो सरकार को कठोर से कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का इकबाल दिखना चाहिए, लेकिन मौजूदा हालात में ऐसा नजर नहीं आ रहा। अगर प्रशासन कार्रवाई नहीं करेगा तो सवाल उठता है कि फिर करेगा कौन।