BNT Desk: नववर्ष के अवसर पर पटना में विधि-व्यवस्था और यातायात सुचारू रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा और जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर बाइकर्स गैंग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी। अफवाहों के त्वरित खंडन के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय रहेगा, जबकि स्पेशल मोबाइल टीम द्वारा सघन पेट्रोलिंग की जाएगी। थानाध्यक्ष और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे।
भीड़ नियंत्रण और प्रशासनिक तैनाती
जिला प्रशासन ने सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के लिए 104 प्रमुख स्थानों पर 125 से अधिक दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की है। प्रमुख स्थलों पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT), सशस्त्र बल, महिला बल और लाठी बल की भी व्यवस्था की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष में तीन पालियों में 24 दंडाधिकारियों को रिजर्व रखा गया है। संजय गांधी जैविक उद्यान, इको पार्क, गांधी मैदान, कुम्हरार, पटना जंक्शन हनुमान मंदिर, इस्कान मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर और पटन देवी मंदिर सहित सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रशासन मुस्तैद रहेगा।
गंगा में नाव परिचालन पर रोक और आपदा प्रबंधन
नववर्ष पर संभावित हादसों को रोकने के लिए 31 दिसंबर सुबह 6 बजे से 1 जनवरी शाम 6 बजे तक गंगा नदी में बिना अनुमति निजी नाव/बोट परिचालन पर रोक लगाई गई है। इसके लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की गई है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ द्वारा सघन नदी गश्ती होगी। चार दंडाधिकारियों की तैनाती के साथ आपदा प्रबंधन विभाग को गोताखोरों और एसडीआरएफ जवानों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अटल पथ, जेपी गंगा पथ और स्वास्थ्य सेवाएं
अटल पथ और जेपी गंगा पथ पर बाइकर्स गैंग की आशंका को देखते हुए बैरिकेडिंग कर पैदल गश्ती कराई जाएगी। देर रात तक वाहनों की सघन चेकिंग होगी। महात्मा गांधी सेतु पर भी अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों पर एम्बुलेंस और चिकित्सक दल की व्यवस्था की गई है। संदिग्ध सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष और डायल 112 को 24×7 सक्रिय रखा गया है।