BNT Desk: पटना जिले के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत मनेर थाना क्षेत्र में एक बार फिर पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। यह कार्रवाई ऑपरेशन लंगड़ा के तहत की गई, जिसमें 84 गांव निवासी कुख्यात अपराधी नितीश कुमार पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। घटना रतन टोला के पास उस समय हुई, जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने के बाद हथियार बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची थी।
SHO पर दो राउंड फायरिंग, बाल-बाल बचे अधिकारी
पुलिस के मुताबिक, हथियार बरामदगी के दौरान अपराधी नितीश कुमार ने अचानक पिस्टल निकालकर मनेर थाना प्रभारी रजनीश कुमार पर एक के बाद एक दो गोलियां चला दीं। सौभाग्य से दोनों गोलियां निशाने पर नहीं लगीं और SHO बाल-बाल बच गए। इसके बाद थानाध्यक्ष की ओर से काउंटर फायरिंग की गई, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
दो पिस्टल बरामद, अस्पताल में कराया गया भर्ती
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अपराधी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पिस्टल बरामद की गईं। घायल अवस्था में पहले उसे मनेर पीएचसी में प्राथमिक इलाज दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
सोना व्यवसायी पर फायरिंग का मुख्य आरोपी
बताया जा रहा है कि नितीश कुमार कुछ दिन पहले मनेर थाना क्षेत्र में सोना व्यवसायी संजय सोनी पर गोली चलाने के मामले में फरार था। इसी केस में पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। पूछताछ के दौरान उसने अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं।
मौके पर पहुंचे सीनियर अधिकारी, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह और डीएसपी दानापुर-2 अमरेंद्र कुमार झा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से खोखे भी बरामद किए गए हैं और एफएसएल टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया। पुलिस अब अपराधी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।