BNT Desk: पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरने वाली एक महिला की जान रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से बच गई। यह घटना ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत सामने आई है, जिसका सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी सामने आ चुका है। यह हादसा 3 जनवरी 2026 की रात का बताया जा रहा है।
कब और कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 22553 रक्सौल–मुंबई एलटीटी अंत्योदय एक्सप्रेस रात 12 बजकर 40 मिनट पर प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर पहुंची। ट्रेन का ठहराव खत्म होने के बाद 01 बजकर 05 मिनट पर जब ट्रेन खुलने लगी, उसी समय एक महिला प्लेटफॉर्म पर लगे नल से पानी लेकर चलती ट्रेन के सामान्य कोच में चढ़ने की कोशिश कर रही थीं। तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसकर घिसटने लगीं।
आरपीएफ की सतर्कता बनी जीवन रक्षक
घटना के समय प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे आरपीएफ पोस्ट पाटलिपुत्र के सहायक उप निरीक्षक जनार्दन यादव ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझा। बिना एक पल गंवाए उन्होंने दौड़कर महिला को खींच लिया और चलती ट्रेन से सुरक्षित दूर कर दिया। अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
यात्रियों की मदद और सुरक्षित अंत
घटना को देख आसपास मौजूद यात्रियों ने भी शोर मचाकर मदद की। ऑन ड्यूटी गार्ड ने तुरंत ट्रेन रुकवाई, जिसके बाद महिला को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाया गया। बताया जा रहा है कि महिला की पुत्री पहले से ही उसी ट्रेन में सफर कर रही थीं। जान बचने के बाद महिला और उनकी बेटी ने आरपीएफ जवान जनार्दन यादव का आभार जताया। यह घटना रेल सुरक्षा बल की तत्परता और ऑपरेशन जीवन रक्षा की एक सशक्त मिसाल है।