BNT Desk: नए साल के मौके पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटना में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जिला प्रशासन ने शहर के 104 सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां 125 से अधिक दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) तैनात किए हैं। पुलिस और प्रशासन दोनों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी को शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे।
गंगा नदी में नाव परिचालन पर अस्थायी रोक
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने 31 दिसंबर शाम 6 बजे से 1 जनवरी शाम 6 बजे तक गंगा नदी में नाव परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। हर साल नए साल के मौके पर गंगा घाटों पर भारी भीड़ जुटती है, जिसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है। घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और ड्रोन व पेट्रोलिंग के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है।
पिकनिक स्थलों, मंदिरों और पार्कों पर खास निगरानी
पटना के प्रमुख पिकनिक स्पॉट, पार्क, मंदिर और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के निर्देश भी सभी थानों को दिए गए हैं।
प्रशासन की अपील, नियमों का करें पालन
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का जश्न शांतिपूर्ण और नियमों के दायरे में रहकर मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।